1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में महिलाओं को जल्द मिलेंगे 2,100 रुपये, मंत्री ने विधानसभा में दी जानकारी

हरियाणा में महिलाओं को जल्द मिलेंगे 2,100 रुपये, मंत्री ने विधानसभा में दी जानकारी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 11, 2025 05:34 pm IST,  Updated : Mar 11, 2025 05:34 pm IST

भाजपा ने घोषणा की है कि 18 से 60 साल तक की महिलाएं, जिनके परिवारों की सालाना आय 1.80 लाख रुपये तक होगी, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

चंडीगढ़: हरियाणा के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि 'लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता प्रदान करने का मुद्दा विचाराधीन है और हरियाणा सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी। अक्टूबर 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने सत्ता में लौटने पर महिलाओं को हर महीने यह राशि प्रदान करने का वादा किया था। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक पूजा ने सरकार से जानना चाहा कि राज्य की महिलाओं को मासिक सहायता राशि कब तक वितरित कर दी जाएगी। अपने जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भाजपा के चुनावी वादे का जिक्र किया और सदन को बताया, "यह विचाराधीन है और सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी।"

कांग्रेस MLA ने पूछा सवाल

पूरक प्रश्न पूछते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा, "मुझे आश्चर्य है कि सदन में इस तरह का जवाब दिया जा रहा है। क्या यही सरकार की गंभीरता है?" उन्होंने कहा, "चुनावों के दौरान यह महिलाओं से भाजपा का पहला वादा था। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय सहायता देने की बात कही थी। और अब...पांच महीने बाद यह मामला विचाराधीन है। मैं यह स्पष्ट प्रश्न पूछ रही हूं कि योजना कब लागू होगी?”

इस उम्र तक की महिलाओं को मिलेंगे रुपये

भाजपा ने घोषणा की है कि 18 से 60 साल तक की महिलाएं, जिनके परिवारों की सालाना आय 1.80 लाख रुपये तक होगी, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए महिलाओं को पीपीपी (प्रधानमंत्री जन धन योजना) और जन्म प्रमाण पत्र जैसे कई दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

यह नरेंद्र मोदी और मेरी गारंटी है- CM सैनी

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने सोनीपत में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान इस योजना को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि हमारी बहनों को 2100 रुपये देने की यह हमारी सरकार की गारंटी है। यह नरेंद्र मोदी और मेरी गारंटी है। हमारी सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं और हमने इस योजना की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। सीएम ने बताया था कि 7 मार्च के बाद से महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

हरियाणा सरकार ने दी किसानों को बड़ी राहत, 5 फसलों पर मिलेगा फायदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।