1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. VIDEO: बाइक टक्कर मामले में आरोपी का दावा- ‘जानबूझकर नहीं मारी टक्कर, बाइक राइडर्स 10 मिनट से कर रहे थे परेशान’

VIDEO: बाइक टक्कर मामले में आरोपी का दावा- ‘जानबूझकर नहीं मारी टक्कर, बाइक राइडर्स 10 मिनट से कर रहे थे परेशान’

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 14, 2026 10:38 pm IST,  Updated : Sep 14, 2026 10:47 pm IST

महिला बाइकर्स को कार से टक्कर मारने वाले आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने दावा किया कि सड़क पर बाइकर्स उन्हें 10 मिनट तक परेशान करते रहे थे।

महिला बाइकर्स को टक्कर मारने वाला कार चालक कल्याण बैसला- India TV Hindi
महिला बाइकर्स को टक्कर मारने वाला कार चालक कल्याण बैसला Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक राइडर महिला को कार से टक्कर लगने के मामले में आरोपी कार चालक कल्याण बैसला ने अपना पक्ष सामने रखा है। कल्याण बैसला का कहना है कि घटना जानबूझकर नहीं हुई, बल्कि बाइक राइडर्स की वजह से पैदा हुई स्थिति में उनकी कार से बाइक की टक्कर हुई।

कार के कभी आगे तो पीछे चला रहे थे बाइकें

कल्याण बैसला ने बताया कि वह दिल्ली से आ रहे थे। कार में उनकी बहन और बुआ का बेटा भी मौजूद था, जो उनसे उम्र में बड़ा है। जब वे गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचे तो कुछ बाइक राइडर्स उनकी कार के कभी आगे तो कभी पीछे अपनी बाइकें बेतरतीब तरीके से चला रहे थे। उनके मुताबिक, करीब 10 मिनट तक बाइक राइडर्स उन्हें परेशान करते रहे।

जानिए किस लिए किया था बाइक राइडर को इशारा?

कल्याण बैसला ने बताया कि उन्होंने कार से अपना हाथ बाहर निकालकर एक बाइक राइडर को इशारा किया कि वह अच्छी बाइक चला रहा है, लेकिन थोड़ा धीरे और संभलकर चलाए। उन्होंने कहा कि वह खुद भी बाइक राइडिंग पसंद करते हैं, लेकिन उस समय बाइक राइडर्स के लगातार परेशान करने से वह उनसे आगे निकलने की कोशिश करने लगे।

उनके मुताबिक, उन्हें आगे मुड़ना था और इसी दौरान एक बाइक उनकी कार की साइड से टकरा गई। घटना के बाद वे रेड लाइट पर रुके भी थे, लेकिन कार में मौजूद उनके बड़े भाई ने आशंका जताई कि वहां रुकने पर उनके साथ मारपीट हो सकती है। इसके बाद वे वहां से कार लेकर निकल गए।

‘वीडियो की छोटी क्लिप नहीं, पूरी वीडियो दिखाई जाए’

कल्याण बैसला का आरोप है कि सोशल मीडिया और मीडिया में उनकी घटना की आधी-अधूरी वीडियो क्लिप बार-बार दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरी वीडियो सामने आनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

कल्याण ने यह स्वीकार किया कि उनकी कार से बाइक राइडर की टक्कर हुई थी, लेकिन उन्होंने इसे जानबूझकर किया गया कृत्य होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि बाइक राइडर महिला थी, जिसका उन्हें अफसोस है।

‘पुलिस अधिकारी से अपना पक्ष रख चुका हूं’

कल्याण बैसला ने बताया कि घटना के संबंध में उन्होंने एक डीएसपी से भी बातचीत की थी और अपना पक्ष रखा था। उनका कहना है कि इसके बावजूद उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया पर इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे वह कोई बड़ा अपराधी हों।

उन्होंने कहा कि आज तक उनके खिलाफ कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। कल्याण के मुताबिक, वह एक सभ्य परिवार से आते हैं, जिम चलाते हैं और बच्चों को ट्रेनिंग देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद नेशनल लेवल के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके हैं। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की जांच और सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

गोहित कौशिक की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन से मारपीट मामले में आरोपी गिरफ्तार, पार्किंग विवाद में लोहे के पाइप से किया था हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।