1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में नौकरानी पर चढ़ाई थार, अस्पताल ले गई गाड़ी मालकिन, मृत घोषित होने पर शव वापस पार्किंग में छोड़ कर भागी

गुरुग्राम में नौकरानी पर चढ़ाई थार, अस्पताल ले गई गाड़ी मालकिन, मृत घोषित होने पर शव वापस पार्किंग में छोड़ कर भागी

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 15, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 03:56 pm IST

गुरुग्राम में एक पॉश सोसायटी की पार्किंग में हादसे का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पार्किंग में सो रही एक घरेलू नौकरानी को लाल थार ने कुचल दिया। महिला चालक थार को रिवर्स कर रही थी तभी यह हादसा हुआ।

gurugram thar accident- India TV Hindi
गुरुग्राम में सोसायटी की पार्किंग में दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम की एक हाईराइज सोसाइटी से लापरवाही का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घर की पार्किंग में सो रही एक घरेलू सहायिका की थार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक महिला घायल महिला को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महोबा की रहने वाली थी मृतका

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू काम करती थीं। मंगलवार शाम को काम खत्म करने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर पर बनी कार पार्किंग में लेटी हुई थी।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है ग्राउंड फ्लोर की कार पार्किंग में महिला आराम कर रही थीं। इसी दौरान बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी। गाड़ी चलाते समय पार्किंग में सो रही महिला दिखाई नहीं दी और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे का एहसास होने पर महिला चालक तुरंत गाड़ी से उतरी और आनन-फानन में घायल को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया।

शव को दोबारा पार्किंग में छोड़ गई मालकिन

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला शव को दोबारा सोसाइटी की पार्किंग में लेकर आई और वहीं छोड़ दिया, जहां हादसा हुआ था। शव को पार्किंग में देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लिया है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बता दें कि गुरुग्राम से आज एक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक कैब ड्राइवर ने न केवल एक सड़क हादसे को अंजाम दिया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस से हाथापाई भी की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)

यह भी पढ़ें-

चाय पीने निकले 2 दोस्तों को थार ने घसीटा, एक ने तोड़ा दम; गुस्साए लोगों ने फूंक दी गाड़ी

लड़की को लेकर भिड़ गए दो युवक, फिल्मी स्टाइल में एक-दूसरे की थार में मारी टक्कर; VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।