हरियाणा के गुरुग्राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो परिवार के लोगों को आपस में लड़ते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो के वायरल होने की असली वजह महिलाओं की लड़ाई और इसके पीछे का कारण है। महिलाएं सिर्फ इसलिए लड़ गई, क्योंकि एक परिवार गली के कुत्तों को शेल्टर भेजना चाहता था और दूसरा इसके खिलाफ था।
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाओं ने आपस में बाल खींचकर सड़क पर लेटा-लेटा कर एक दूसरे को पीटा। दोनों महिलाएं कुत्ते को पकड़ने और छुड़वाने को लेकर आपस में भिड़ गईं। इस मारपीट का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
क्या है मामला?
गुरुग्राम में आवारा कुत्तों को पकड़ने को लेकर दो महिलाओं के बीच सड़क पर भिड़ंत हो गई। यह घटना वार्ड 31 की मियांवाली कॉलोनी में हुई, जहां नगर निगम गुरुग्राम की टीम कुत्तों को पकड़ने का अभियान चला रही थी। स्थानीय निवासियों ने आवारा कुत्तों की शिकायत की थी। कुत्ते लोगों, खासकर बच्चों और महिलाओं को काटते या डराते थे। नगर निगम की टीम जब कुत्तों को पकड़ने पहुंची, तो कुछ डॉग लवर्स ने विरोध किया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो परिवारों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। उन्होंने एक-दूसरे के बाल खींचे, मारपीट की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और सड़क पर ही हंगामा मच गया। कुछ महिलाओं ने नगर निगम टीम की गाड़ी की चाबी भी छीनने की कोशिश की।
पुलिस ने शुरू की जांच
गुरुग्राम में आवारा कुत्तों का मुद्दा लंबे समय से गर्म है। कई इलाकों में कुत्ते लोगों पर हमला करते हैं। जनवरी में भी कुछ सीसीटीवी फुटेज वायरल हुए थे। एक तरफ पीड़ित परिवार सुरक्षा मांगते हैं। दूसरी तरफ पशु प्रेमी कुत्तों को पकड़कर मारने के बजाय स्टेरलाइजेशन (नसबंदी) और टीकाकरण की मांग करते हैं। नगर निगम नियमित अभियान चलाता है, लेकिन हर बार डॉग लवर्स और लोकल रेसिडेंट्स के बीच तनाव होता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(गोहित कौशिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-