1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर में बर्फबारी, पुणे में गिरे ओले, पश्चिमी विक्षोभ का देशभर में असर, जानिए अगले 2 दिन के मौसम का हाल

कश्मीर में बर्फबारी, पुणे में गिरे ओले, पश्चिमी विक्षोभ का देशभर में असर, जानिए अगले 2 दिन के मौसम का हाल

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Mar 30, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Mar 30, 2026 06:13 pm IST

देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों बर्फबारी हुई है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। पुणे में ओलावृष्टि हुई है। जानिए अगले दो दिन मौसम का हाल कैसा रहेगा?

पुणे में ओले गिरने के बाद झमाझम बारिश- India TV Hindi
पुणे में ओले गिरने के बाद झमाझम बारिश Image Source : PTI

नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते देशभर के मौसम में बदलाव आया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों में बर्फबारी हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा महाराष्ट्र में ओलावृष्टि, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में बारिश हुई है।

अगले दो दिन छाए रहेंगे बादल और होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। इस दौरान अधिकतम 32-34°C, न्यूनतम 18-21°C के आसपास रह सकता है। बारिश की वजह से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस हल्की गिरावट रह सकती है।

पुणे में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश

सोमवार को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में अचानक तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। बानर, भोसरी समेत अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई है। मौसम में बदलाव को लेकर मध्य महाराष्ट्र में येलो अलर्ट जारी किया गया था। 

जयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश

वहीं, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में सोमवार दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र-जयपुर के अनुसार राज्य में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 

राजस्थान में अभी और होगी बारिश

विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिसके असर से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं। शहर के कई इलाकों से बूंदाबांदी होने की सूचना भी है।

एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को भी शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक और दो अप्रैल को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के आसार हैं जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके अलावा तीन से पांच अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

कश्मीर में बर्फबारी

कश्मीर में सोमवार को दूसरे दिन भी मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्बफारी जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर हिमपात हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अगले 24 घंटों में व्यापक बारिश या हिमपात का अनुमान है। 

पिछले दो दिनों में हुई बारिश और हिमपात से जम्मू कश्मीर में मार्च महीने के लिए बारिश की कमी 50 प्रतिशत से घटकर 45 प्रतिशत हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम प्रणाली की तीव्रता मध्यम रहने की उम्मीद है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

कश्मीर में अभी और बारिश का अनुमान 

विभाग ने किसानों को मंगलवार तक सभी कृषि कार्यों को नहीं करने की भी सलाह दी है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, लेकिन एक और दो अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा कि तीन से सात अप्रैल के बीच छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत