1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. आदमपुर विधानसभा सीट पर फिर भजनलाल परिवार का कब्जा रहेगा कायम? जानें सियासी समीकरण

आदमपुर विधानसभा सीट पर फिर भजनलाल परिवार का कब्जा रहेगा कायम? जानें सियासी समीकरण

 Published : Sep 22, 2024 08:32 pm IST,  Updated : Sep 22, 2024 08:32 pm IST

Haryana Assembly Elections 2024 : आदमपुर विधानसभा सीट पर भजनलाल परिवार का वर्चस्व रहा है। खुद भजनलाल इस सीट से 9 बार विधानसभा का चुनाव जीतने में सफल रहे।

Adampur Assembly Seat- India TV Hindi
आदमपुर विधानसभा सीट Image Source : INDIA TV

Adampur Assembly Seat: हरियाणा की राजनीति में आदमपुर विधानसभा सीट का राजनीतिक महत्व बहुत ज़्यादा है। इस विधानसभा क्षेत्र में जाटों की बहुलता है लेकिन इसमें अनुसूचित जाति और अन्य समुदायों की भी अच्छी संख्या है। आदमपुर विधानसभा सीट पर पू्र्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल के परिवार का कब्जा रहा है। पिछले 56 साल से इस सीट पर भजनलाल और उनके परिवार के लोग चुनाव जीतते रहे हैं। भजनलाल की पत्नी, बेटे, बहू और पोता भी इस सीट से विधायक बने हैं। आदमपुर विधानसभा सीट पर भजनलाल परिवार को टक्कर देने के लिए कई दिग्गज नेता सामने आए लेकिन कोई भी भजनलाल परिवार से इस किले को छीन नहीं पाया। दरअसल, इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है भजनलाल की छवि और इलाके में उनके द्वारा किए हुए काम।

भजनलाल ने 9 बार जीत हासिल की

खुद भजनलाल इस सीट से 9 बार विधानसभा का चुनाव जीतने में सफल रहे। सात बार वे कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने जबकि एक बार जनता पार्टी और एक बार हजकां के प्रत्याशी के तौर पर उन्हें जीत हासिल हुई। भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई चार बार इस सीट से विधायक चुने गए। तीन बार वे कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने जबकि एक बार उन्हें हजकां प्रत्याशी के तौर पर सफलता मिली।

भव्य बिश्नोई को बीजेपी ने चुनाव मैदान में उतारा

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को आदमपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है। भव्य बिश्नोई पूर्व सीएम भजनलाल के पोते हैं। वे 2022 के उपचुनाव में पहली बार आदमपुर सीट से विधायक बने थे। कांग्रेस ने चंद्र प्रकाश को टिकट दिया है जबकि जेजेपी के टिकट पर कृष्ण गंगवा प्रजापति ताल ठोक रहे हैं। वहीं आईएनएलडी ने रणदीप चौधरीवास को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी ने भूपेंद्र बेनीवाल को चुनाव मैदान में उतारा है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 20219 के विधानसभा चुनाव के दौरान आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में 1,62,720 मतदाता थे। इसमें से 87,677 पुरुष और 75,042 महिला मतदाता थे। 2014 के विधानसभा चुनाव में आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 1,54,074 थी। इसमें से 82,711 मतदाता पुरुष और 71,363 महिला मतदाता थे। 

2019 विधानसभा चुनाव के नतीजे

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019  में कांग्रेस उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई ने 29,471 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्हें 51.7% वोट शेयर के साथ कुल 63,693 वोट मिले थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सोनाली फोगट को हराया, जिन्हें 34,222 वोट मिले थे। जननायक जनता पार्टी (JJP) के उम्मीदवार रमेश कुमार 15,457 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे और CPIM उम्मीदवार सुरेश सिर्फ़ 2,088 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। 

2022 विधानसभा उपचुनाव के नतीजे

कुलदीप बिश्नोई ने अगस्त 2022 में विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद हुए उपचुनाव में आदमपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 67,492 वोट मिले। बिश्नोई ने कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश को हराया, जिन्हें 51,752 वोट मिले। 

2014 विधानसभा चुनाव के नतीजे

विधानसभा चुनाव 2014 में हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के टिकट पर कुलदीप बिश्नोई ने जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 56,757 वोट मिले थे। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के उम्मीदवार कुलवीर सिंह बेनीवाल को 39,508 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। बिश्नोई ने बेनीवाल को 17,249 वोटों के अंतर से हराया। आपको बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्तूबर को वोटिंग होगी और 8 अक्तूबर को इसके नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।