1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव: वोटिंग से पहले ही भाजपा को बड़ा झटका, अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल

हरियाणा विधानसभा चुनाव: वोटिंग से पहले ही भाजपा को बड़ा झटका, अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल

 Published : Oct 03, 2024 03:26 pm IST,  Updated : Oct 03, 2024 05:58 pm IST

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले ही भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लग गया है। पार्टी के दिग्गज नेता अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल।- India TV Hindi
अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल। Image Source : SOCIAL MEDIA

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार गुरुवार को समाप्त होने जा रहा है। इसके बाद 5 तारीख को वोटिंग होगी। हालांकि, विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। हाल ही में भाजपा के टिकट पर सांसद का चुनाव लड़ने वाले अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तंवर को पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल करवाया है।

कुछ देर पहले कर रहे थे भाजपा का प्रचार

बड़ी बात ये है कि अशोक तंवर ने आज दोपहर 1:45 बजे भाजपा उम्मीदवार की रैली में भाग लिया था और इसके बारे में ट्वीट भी किया था। इसके बाद अशोक तंवर कांग्रेस के कार्यक्रम में दिखाई दिए। अब खबर आई है कि वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

कांग्रेस ने दी जानकारी

कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी दी है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर आज BJP के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में BJP की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवरकांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस परिवार में आपका पुनः स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"

कौन हैं अशोक तंवर?

अशोक तंवर का कांग्रेस से काफी पुराना नाता रहा है। साल 1999 में वह NSUI में सचिव थे और 2003 में इसके अध्यक्ष बने। साल 2009 में वह कांग्रेस के टिकट पर सिरसा लोकसभा सीट से सांसद बने थे। इसके बाद तंवर साल 2014 से लेकर 2019 तक हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। हालांकि, 2019 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। कांग्रेस के बाद तंवर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। इसके बाद 2022 में वह आम आदमी पार्टी में चले गए। इसके बाद वह भाजपा के साथ हो गए। तंवर ने 2024 में सिरसा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा लेकिन कांग्रेस की कुमारी शैलजा से हार गए। (रिपोर्ट: सुनील)

ये भी पढ़ें- चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले पीएम मोदी का 'हरियाणा के नाम पैगाम', जानें क्या बोले

हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, सियासी दलों ने झोंकी पूरी ताकत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।