1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. जिसकी जलेबी के दीवाने हुए थे राहुल गांधी, वहां पहुंच गए CM नायब सैनी; अपने हाथों से बनाई भी

जिसकी जलेबी के दीवाने हुए थे राहुल गांधी, वहां पहुंच गए CM नायब सैनी; अपने हाथों से बनाई भी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 01, 2024 07:35 pm IST,  Updated : Nov 01, 2024 07:37 pm IST

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गोहाना पहुंचे, जहां उन्होंने चर्चित मातूराम की दुकान पर जलेबियां बनाईं और राहुल गांधी को खास संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री ने जलेबी बनाते हुए वीडियो भी शेयर किया है।

nayab singh saini jalebi- India TV Hindi
सीएम नायब सिंह सैनी और राहुल गांधी Image Source : INDIA TV

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद से मातूराम हलवाई की जलेबी चर्चा में बनी हुई थी। सियासी जानकारों से लेकर हरियाणा के स्थानीय लोगों तक सब ने इस जलेबी को लेकर ट्वीट किए और कांग्रेस पार्टी के मजे भी लिए। लोगों ने जलेबी को लेकर खूब मीम बनाए। दरअसल, यह जलेबी खाकर राहुल गांधी ने इसकी तारीफ कर इसे चर्चा में भी ला दिया था। लेकिन बीजेपी की जीत के बाद पार्टी ने उसी जलेबी को केंद्र में रखकर कांग्रेस पर तंज कसा था। इसी जलेबी वाली पॉलिटिक्स में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अब नया तड़का लगा दिया है।

CM सैनी ने राहुल गांधी को दिया खास संदेश

सरकार गठन के कुछ दिनों बाद नायब सिंह सैनी ने उसी दुकान पर जाकर जलेबियां बनाई हैं, जिसका स्वाद राहुल गांधी ने चुनावों के समय चखा था। सीएम सैनी शुक्रवार को गोहाना में मशहूर हो चुकी मातूराम की दुकान पर जलेबियां भी बनाईं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल X पर जलेबी बनाते हुए वीडियो शेयर किया है। इसमें नायब सिंह सैनी जबेलियों को मिठास के लिए चाशनी में डुबो रहे हैं। बाद में सीएम सैनी और बीजेपी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली साथ बैठकर जलेबियां खा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी इशारों-इशारों में जोरदार तंज कसा है। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, ''हरियाणा में गोहाना की मातूराम की देशी जलेबी चलती हैं, फैक्ट्री की जलेबी नहीं।''

राहुल गांधी खोल रहे थे जलेबी कारखाना

बता दें कि जलेबी की कहानी हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शुरू हुई थी। राहुल गांधी यहां सभा करने पहुंचे थे और दिपेंद्र हुड्डा ने उन्हें मातू राम की जलेबी खरीदकर दी। राहुल को यह जलेबी बहुत पसंद आई तो उन्होंने अपने भाषण में इसका जिक्र किया था। राहुल गांधी ने कहा था कि अगर यह जलेबी किसी बड़े कारखाने में बने तो कई लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही इसे अन्य जगहों पर निर्यात किया जा सकेगा। इससे अन्य लोग भी इस जलेबी के स्वाद का आनंद ले सकेंगे। जब चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस का मजाक बनना शुरू हुआ और जलेबी ट्रेंड करने लगी थी।

भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह में हिस्सा लेने गोहाना पहुंचे थे सीएम

नायब सिंह सैनी ने आज गोहाना में भगवान विश्वकर्मा जयंती और हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को राम-राम कर उनका धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2.80 करोड़ हरियाणवियों के विश्वास पर प्रदेश को आगे बढ़ाकर क्रांतिकारी वीरों और प्रधानमंत्री के सपनों के भारत में हरियाणा का नव-निर्माण करने का काम बीजेपी सरकार करेगी। सीएम सैनी ने कहा कि जो तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी है, वो सरकार कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की आकांक्षाओं-उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए तेजी से काम करेगी।

यह भी पढ़ें-

कांग्रेस को कड़वी लग रही होगी ये 'जलेबी', BJP ने राहुल गांधी के घर भिजवाई

Exclusive: 'कांग्रेस को अपना चुनाव चिन्ह हाथ से बदलकर जलेबी रख लेना चाहिए', जानें INDIA TV से और क्या बोले अनिल विज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।