1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: भाजपा की सरकार बनते ही कांग्रेस को झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी

हरियाणा: भाजपा की सरकार बनते ही कांग्रेस को झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी

 Published : Oct 17, 2024 07:36 pm IST,  Updated : Oct 17, 2024 08:26 pm IST

हरियाणा कांग्रेस के नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और ओबीसी विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खराब व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है।

कैप्टन अजय सिंह यादव ने दिया इस्तीफा।- India TV Hindi
कैप्टन अजय सिंह यादव ने दिया इस्तीफा। Image Source : S0CIAL MEDIA

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। भाजपा ने चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल किया है और लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। वहीं, गुरुवार को नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के सीएम पद की शपथ ली है। दूसरी ओर कांग्रेस को चुनाव के बाद भी झटके लगने जारी हैं। कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने उनके साथ खराब व्यवहार किये जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा

कैप्टन अजय सिंह यादव ने X पर मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी को टैग करते हुए लिखा- "मैंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष पद से तथा कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी को भेज दिया है।"

खराब व्यवहार का आरोप

कैप्टन अजय सिंह यादव ने X पर लिखा है कि इस्तीफा देने का यह निर्णय वास्तव में कठिन था, क्योंकि मेरे परिवार का 70 वर्षों से जुड़ाव था। मेरे पिता दिवंगत राव अभय सिंह 1952 में विधायक बने और उसके बाद मैंने पारिवारिक परंपरा को जारी रखा, लेकिन सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटने के बाद मेरे साथ खराब व्यवहार होने से पार्टी आलाकमान से मेरा मोहभंग हो गया है।

भाजपा ने क्या कहा?

कैप्टन अजय सिंह यादव के इस्तीफे को लेकर भाजपा नेता सीआर केसवन ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। केसवन ने कहा कि कैप्टन अजय सिंह यादव के इस्तीफे ने कांग्रेस की ओबीसी विरोध और मानसिकता को उजागर कर दिया है। केसवन ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण के अपने एजेंडे के लिए ओबीसी और अन्य वंचित समुदायों को राजनीतिक मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया है। केसवन ने कहा कि कैप्टन अजय सिंह यादव का इस्तीफा कांग्रेस को आईना दिखाता है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में सीएम को छोड़ पूरा मंत्रिमंडल नया, सभी मंत्रियों के साथ पहली बार काम करेंगे नायब सिंह सैनी

कौन हैं वो 2 महिला मंत्री, जिन्हें हरियाणा कैबिनेट में मिली जगह, इनमें से एक कांग्रेस छोड़कर BJP में आईं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।