भारत समेत पूरी दुनिया में भूकंप के झटकों ने लोगों को डरा कर रखा है। बीते कुछ समय से भूकंप की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं जिस कारण लोगों को किसी अनहोनी का डर सताते रहता है। इस बीच अब हरियाणा की धरती एक बार फिर से भूकंप के झटके से हिल गई है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हरियाणा के रोहतक में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके साथ ही गुरुवार को दोपहर में झज्जर में भी भूकंप के हल्के झटके लगे। आइए जानते हैं कि कितनी रही इस भूकंप की तीव्रता।
कितनी थी भूकंप की तीव्रता?
नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के रोहतक में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 बजकर 46 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। ये भूकंप हल्के स्तर का था। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.3 दर्ज की गई है। इस भूकंप का केंद्र रोहतक जिले में 10 किलोमीटर की गहराई में था। अधिकारियों ने बताया है कि इस भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
दूसरी बार भी आया भूकंप
इसके अलावा गुरुवार को ही दोपहर 12 बजकर 34 मिनट पर राज्य के झज्जर में भी भूकंप आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.5 मापी गई है। इस भूकंप का केंद्र झज्जर में धरती के 5 किलोमीटर भीतर में था।
कुछ ही दिनों में तीसरा भूकंप
हरियाणा में बीते 10 दिन से भी कम समय में ये चौथा भूकंप आया है। बीते शुक्रवार को राज्य के झज्जर जिले के पास 3.7 की तीव्रता का भूकंप आया था। वहीं, इससे ठीक एक दिन पहले झज्जर जिले में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप के झटके दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए थे।
भूकंप क्यों आते हैं?
आपको बता दें कि पृथ्वी के अंदर कुल 7 टेक्टोनिक प्लेट्स मौजूद रहती हैं। जानकारी के मुताबिक, ये सभी 7 टेक्टोनिक प्लेट्स अपनी-अपनी जगह पर लगातार घूमती रहती हैं। हालांकि, कई बार घूमने के दौरान ये टेक्टोनिक प्लेटें फॉल्ट लाइन पर टकरा जाती हैं। इनके टकराने से जो घर्षण पैदा होता उससे ऊर्जा उत्पन्न होती है जो कि बाहर निकलने का रास्ता खोजती हैं। यही कारण है कि धरती पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- सिंगर राहुल फाजिलपुरिया फायरिंग केस में गुरुग्राम पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आरोपी विशाल गिरफ्तार
थार से जा रहे थे फाजिलपुरिया, पीछे-पीछे थी टाटा पंच, फायरिंग से ठीक पहले का CCTV फुटेज आया सामने