1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पूर्व CM चौटाला के निधन पर हरियाणा सरकार का ऐलान, स्कूलों और दफ्तरों में एक दिन की छुट्टी

पूर्व CM चौटाला के निधन पर हरियाणा सरकार का ऐलान, स्कूलों और दफ्तरों में एक दिन की छुट्टी

 Published : Dec 20, 2024 11:41 pm IST,  Updated : Dec 20, 2024 11:44 pm IST

हरियाणा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर 21 दिसंबर को स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में एक दिन की छुट्टी घोषित की। साथ ही 20 से 22 दिसंबर तक तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया।

Haryana government, Om Prakash Chautala, former CM, death- India TV Hindi
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया। Image Source : PTI

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को INLD प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के निधन के बाद राज्य के सभी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। सरकार के इस फैसले के बाद 21 दिसंबर यानी कि शनिवार को सूबे के सभी स्कूल बंद रहेंगे, और राज्य के सरकार के सभी दफ्तरों में भी इस दिन छुट्टी रहेगी। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में शुक्रवार से 3 दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की है। चौटाला का शुक्रवार को गुरुग्राम में निधन हो गया।

‘राज्य सरकार के सभी कार्यक्रम रद्द रहेंगे’

हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, 'राज्य सरकार ने 20 से 22 दिसंबर तक 3 दिन के राजकीय शोक का फैसला किया है। इस अवधि के दौरान पूरे राज्य में उन सभी इमारतों पर राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा, जहां यह नियमित रूप से लगा रहता है।' आदेश में कहा गया है कि इस दौरान राज्य सरकार के सभी कार्यक्रम रद्द रहेंगे। आदेश के मुताबिक, हरियाणा सरकार ने दिवंगत के प्रति सम्मान के तौर पर शनिवार को राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश का भी ऐलान किया है।

‘89 वर्ष की आयु में गुरुग्राम में हुआ निधन’

बता दें कि चौटाला का उनके पैतृक जिले सिरसा में तेजा खेड़ा फार्म पर दोपहर 3 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष और 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में गुरुग्राम में निधन हो गया। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के बेटे चौटाला को उनके घर पर दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने बताया कि चौटाला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।