1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. राव इंद्रजीत सिंह की कई विधायकों के साथ डिनर पार्टी पर सियासी हलचल, मंत्री गंगवा बोले-'मुझे बुलाते तो मैं भी जाता'

राव इंद्रजीत सिंह की कई विधायकों के साथ डिनर पार्टी पर सियासी हलचल, मंत्री गंगवा बोले-'मुझे बुलाते तो मैं भी जाता'

 Published : Jul 02, 2025 06:46 pm IST,  Updated : Jul 02, 2025 06:52 pm IST

राव इंद्रजीत सिंह की डिनर पार्टी पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि हरियाणा बीजेपी में कोई गुटबाजी नहीं है। प्रदेश में कोई राजनीतिक बदलाव नहीं होने जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और दूसरी तस्वीर में मंत्री रणवीर गंगवा- India TV Hindi
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और दूसरी तस्वीर में मंत्री रणवीर गंगवा Image Source : PTI AND INDIA TV

सोनीपतः केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पिछले दिनों हुई डिनर पार्टी पर हरियाणा में सियासी हलचल है। इस बीच हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि राव की डिनर पार्टी में कई विधायकों ने खाना खाया। अगर मुझे भी बुलाया जाता तो वह भी जाते। राव इंद्रजीत सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। प्रदेश में राजनीतिक नेतृत्व में बदलाव की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि हरियाणा बीजेपी में सब ठीक है। कोई गुटबाजी नहीं है। 

अहीरवाल क्षेत्र का किया जा रहा विकास

रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रूटीन की तरह विधायकों से मिले। दरअसल, राव की पार्टी में जाने वाले कुछ विधायकों ने सीएम से मिलकर अपनी सफाई भी दी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज हरियाणा में एक समान विकास हो रहा है। अहीरवाल क्षेत्र के विकास के साथ-साथ बिना भेदभाव के पूरे हरियाणा में विकास हो रहा है। गंगवा ने यह बातें सोनीपत में कही। रणबीर सिंह गंगवा 13 जुलाई को गोहाना में आयोजित होने वाली दक्ष प्रजापति महाराज की जयंती को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंचे थे। 

राव इंद्रजीत की डिनर डिप्लोमेसी पर बढ़ी सियासी हलचल

गुरुग्राम के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की डिनर डिप्लोमेसी ने हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है। 18 जून को चंडीगढ़ में उनकी बेटी आरती राव के आवास पर दक्षिणी हरियाणा से 11 भाजपा और एक कांग्रेस विधायक डिनर में शामिल हुए थे। डिनर के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। कहा जाता है कि कांग्रेस में रहते हुए भी राव इंद्रजीत ने राजनीतिक दबाव बनाने के लिए डिनर डिप्लोमेसी का इस्तेमाल किया था।  

सीएम सैनी के सामने राव ने कही थी ये बात

हरियाणा के सीएम नायब सैनी 15 जून को रेवाड़ी के राव तुला राम स्टेडियम में आयोजित धन्यवाद रैली में आए थे। सीएम के मंच पर अहीरवाल के कद्दावर नेता राव इंद्रजीत के बोल तीखे थे। राव इंद्रजीत ने सीएम सैनी से कहा था कि मुख्यमंत्री जी हमने आपकी सरकार बनाई है, हमें हमारा हक चाहिए, हमारा काम होना चाहिए। जवाब में सीएम नायब सैनी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि हम किसी जाति की नहीं, बल्कि 2.75 करोड़ लोगों की सरकार हैं। हम इन सभी लोगों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि दिल का है। 

बता दें कि दक्षिण हरियाणा में 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 17 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 6 सीटें हासिल कीं। इसलिए राव इंद्रजीत का मानना ​​है कि दक्षिण हरियाणा, खासकर अहीरवाल बेल्ट ने भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई।

रिपोर्ट- सन्नी मलिक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।