1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी, करनाल में 6.5 डिग्री पहुंचा पारा, अगले तीन दिन तक परेशान करेगा कोहरा

हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी, करनाल में 6.5 डिग्री पहुंचा पारा, अगले तीन दिन तक परेशान करेगा कोहरा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 13, 2025 05:32 pm IST,  Updated : Jan 13, 2025 05:32 pm IST

मौसम विभाग ने पूरे उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसका सबसे ज्यादा असर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में होगा।

Gurugram cold- India TV Hindi
गुरुग्राम में ठंड के बूच पटरी पार करता युवक Image Source : PTI

हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप जारी है। यहां गलन और कोहरे में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार को हरियाणा में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के अन्य स्थानों में से लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 5.6 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 6.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

करनाल में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार और सिरसा में 7.8 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 8.5 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

अब कोहरे का कहर

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में 15 जनवरी तक पूरे उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में बताया "हरियाणा-चंडीगढ़ के कई स्थानों में 13 जनवरी को और अलग-अलग स्थानों में 14-15 जनवरी को रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में 15 जनवरी तक रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब के कई स्थानों में 13 जनवरी को और अलग-अलग स्थानों में 14-15 जनवरी को रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।" आईएमडी ने बताया कि पूरे उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

बारिश से किसानों को नुकसान, मुआवजे की मांग

हरियाणा में बेमौसम बारिश और नहर टूटने से बड़े पैमाने पर फसल को नुकसान हुआ है। ऐसे में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य सरकार से तुरंत विशेष गिरदावरी (राजस्व मूल्यांकन) करवाने की मांग की ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने कई गांवों के किसानों से मुलाकात की है, जिनकी फसल क्षतिग्रस्त हुई हैं। रविवार सुबह पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में 18.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पंजाब में अमृतसर (5 मिमी), लुधियाना (11 मिमी), पटियाला (6.5 मिमी), पठानकोट (3 मिमी), बठिंडा (31 मिमी) और फरीदकोट (20.6 मिमी) सहित कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। हरियाणा में अंबाला (20.5 मिमी), हिसार (13 मिमी), करनाल (1.6 मिमी), नारनौल (14 मिमी), रोहतक (3 मिमी), भिवानी (6 मिमी) और सिरसा (3.2 मिमी) जैसे स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में चौथी मंजिल की बालकनी से गिरी दो बहनें, दोनों की मौत, मकान मालिक बोला- 'चोरी करने घुसी थीं'

80 छात्राओं की शर्ट उतरवाई, ब्लेजर में घर भेजा, अब प्रिंसिपल के खिलाफ जांच कर रही DLSA

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।