1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 24 घंटे में 80 लीटर से ज्यादा दूध देती है ये गाय, नाम है शकीरा, जानें कैसे बाकियों से अलग है इसका खान-पान

24 घंटे में 80 लीटर से ज्यादा दूध देती है ये गाय, नाम है शकीरा, जानें कैसे बाकियों से अलग है इसका खान-पान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jan 16, 2024 02:46 pm IST,  Updated : Jan 16, 2024 05:22 pm IST

हरियाणा के करनाल में एक गाय ने एक दिन में 80 लीटर से ज्यादा दूध दिया है। इस गाय की नस्ल का नाम एचएफ है। कुरुक्षेत्र के मेले में इस गाय को इनाम भी मिला है। इसके खान-पान का विशेष ख्याल रखना पड़ता है।

Shakira Cow- India TV Hindi
गाय का नाम शकीरा है Image Source : INDIA TV

करनाल: एक स्वस्थ गाय दिनभर में विशेष ख्याल रखने पर 40 लीटर तक दूध दे सकती है लेकिन हरियाणा के करनाल में एक गाय ने एक दिन में 80 लीटर से ज्यादा दूध देकर रिकॉर्ड बना दिया है। इस गाय का नाम शकीरा है और उसके खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाता है।

हर तरफ शकीरा की चर्चा, पशुपालक ने जीती बाइक

करनाल के झींझड़ी गांव की गाय ने रिकॉर्ड बनाते हुए 24 घंटे में 80.756 लीटर दूध दिया। बीते दिनों कुरुक्षेत्र के मेले में एक संस्था द्वारा इस गाय को इनाम भी दिया गया। इस गाय की नस्ल HF है और इसका नाम शकीरा है।

गांव के सुनील और शैंकी की गाय ने दूध उत्पादन में जो उपलब्धि हासिल की है, उसकी हर तरफ चर्चा है। दरअसल कुछ दिन पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में डेयरी एसोसिएशन DFA की तरफ  पशु मेले का आयोजन हुआ था, जिसमें सुनील और शैंकी की शकीरा मिलकिंग चैंपियन गाय ने 24 घंटे में 80 लीटर 756 ग्राम  दूध दिया। उनके मुताबिक, इस गाय ने एशिया में 24 घंटे में सबसे ज्यादा दूध दिया है। जिसके बाद इस गाय को मेले में इनाम भी मिला और तोहफे में एक बाइक भी मिली। 

Shakira Cow
Image Source : INDIA TVपशुपालक को तोहफे में मिली बाइक

पशुपालक ने बताई सफलता की कहानी

पशुपालक सुनील ने बताया कि वो और उसका भाई मिलकर  पिछले 12 सालों से डेरी फार्म चला रहे हैं। इस समय उनके पास सैकड़ों छोटे-बड़े पशु हैं। उन्होंने बताया कि वो किसान परिवार से संबंध रखते हैं और इससे पहले उनके दादा खेती के साथ पशुपालन करते थे। उसके बाद उनके पिता ने खेती के साथ पशुपालन किया और फिर अब वो भी इस काम में आ गए। लेकिन उन्होंने सोचा कि जब पशुपालन ही करना है तो बेहतर तरीके से किया जाए और उसके बाद उन्होंने डेरी फार्म बनाया, जहां अच्छे-अच्छे पशु रखे और उनकी अच्छे से देखभाल करते हैं। वो ज्यादा से ज्यादा ऐसे पशु तैयार कर रहे हैं, जो भारत में सबसे ज्यादा दूध दें।

Shakira Cow
Image Source : INDIA TVगायों का रखा जाता है विशेष ख्याल

शकीरा गाय की खासियत क्या है?

शकीरा गाय मिलकिंग चैंपियन ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वो करीब साढ़े 6 साल की है। वो बच्चे दे चुकी है और उसकी नस्ल एचएफ है। इस नस्ल की गाय सबसे ज्यादा दूध देती हैं। इस गाय का रखरखाव  दूसरे पशुओं से ज्यादा अच्छे से किया जाता है।

इस गाय को खाने में हरा चारा, सूखा चारा और साथ में फीड दी जाती है। हर पशु को उसके दूध के अनुसार ही खाने को फीड और चारा दिया जाता है। ये पशुपालक विशेष तौर पर एचएफ नस्ल की गाय ही ज्यादा पाल रहे हैं। ये पशुपालक बताते हैं कि भारत में अलग अलग राज्यों में जितनी भी अलग अलग प्रतियोगिता या मेले लगते हैं, वह वहां अपने पशु को लेकर जाते हैं। शकीरा पहले भी 24 घंटे में ज्यादा दूध देकर इनाम जीत चुकी है।

 एक दिन में 3 बार 8-8 घंटे के अंतराल में दूध निकाला जाता है

शकीरा गाय का एक दिन में 3 बार 8-8 घंटे के अंतराल में दूध निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध ज्यादा होने के चलते मशीन के साथ उनका दूध निकाला जाता है। उसे रखने के लिए डेरी फार्म को काफी खुला बनाया गया है। प्रतियोगिता के दिनों में गाय को अकेले में खुले स्थान पर रखा जाता है।

जब कोई प्रतियोगिता ना हो तो चैंपियन गाय को भी दूसरी गाय के साथ रखा जाता है और उनको उनके दूध के अनुसार उनका डाइट प्लान दिया जाता है। पीने के लिए साफ और ताजा पानी दिया जाता है और साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाता है।

उन्होंने बताया कि डेयरी एसोसिएशन के द्वारा ही उनको बताया गया है कि अब तक इतनी ज्यादा मात्रा में 24 घंटे में किसी भी गाय ने दूध नहीं दिया है। इस गाय ने भारत ही नहीं, एशिया का भी रिकॉर्ड तोड़ा है और पूरे एशिया में पहले नंबर पर दूध देने में इस गाय का नाम सामने आया है। इससे पहले एशिया में 24 घंटे में सबसे ज्यादा दूध देने वाला रिकॉर्ड 72 लीटर का था।

(हरियाणा से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: 

अयोध्या की तर्ज पर तैयार हो रहा 50 फीट का एक और राम मंदिर, बीजेपी नेता ने भूमि पूजन भी किया, जानें कहां होंगे दर्शन

एमपी: नौकरी के बदले लड़की से 'गंदा काम' करने की डिमांड करने वाला अधिकारी सस्पेंड, गिरफ्तार भी हुआ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।