रोहतक: हरियाणा के रोहतक से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया। यहां एक Land Rover कार में सड़क पर ही अचानक आग लग गई। धुआं उठते देख ड्राइवर ने फौरन कार को साइड में लगाया और आग बुझाने में जुट गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग बुझाने के लिए लोगों को कितनी मशक्कत करनी पड़ रही है।
Related Stories
कैसे लगी कार में आग?
रोहतक में दिल्ली रोड पर एक कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट में शॉर्ट सर्किट से ये आग लगी। कार के बोनट से धुआं उठता देख कार ड्राइवर ने कार साइड में रोकी। इस दौरान एक बिल्डिंग में निर्माण का काम चल रहा था। वहीं से पानी का पाइप चलाकर आग को बुझाया गया।
घटना दिल्ली रोड पर जाट भवन के पास घटी। आग बुझाने के लिए पहले ड्राइवर ने वहां पड़ी मिट्टी से आग पर काबू करने का प्रयास किया लेकिन जब आग फैलती गई तो उसने देखा कि एक बिल्डिंग में काम चल रहा है। ड्राइवर ने वहीं से पानी का पाइप चालू किया और आग बुझाई। लेकिन इस घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है।
कार लैंड ओवर थी, जो काफी महंगी और लक्जरी कारों में से एक है। ये डीजल से चलने वाली गाड़ी थी, जिसमें बोनट में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। हालांकि गनीमत ये रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
राकेश और आग बुझाने वाले ने बताया कि कार में अचानक आग लग गई। उनका कहना है कि ये आग शायद शॉर्ट सर्किट से लगी है। गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में अक्सर वाहनों में आग लगने के मामले सामने आते हैं। कई बार तो कारें अंदर से लॉक हो जाती हैं और अंदर बैठे लोगों की मौत तक हो जाती है। ऐसे में जरूरी है कि सावधानी बरतें और अलर्ट रहें।
इस घटना के सामने आने के बाद लोग ड्राइवर की अलर्टनेस की तारीफ कर रहे हैं क्योंकि अगर वो समय पर गाड़ी रोड पर साइड में नहीं लगाता तो उसकी जान मुश्किल में पड़ सकती थी, साथ ही दूसरे राहगीरों को भी नुकसान पहुंच सकता था। (इनपुट: रोहतक से सुनील कुमार)