नोएडा की सड़कों पर एक उबर कैब ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। जहां अंदर का नजारा देख लोग हैरान रह गए क्योंकि ये कैब सिर्फ एक गाड़ी तक ही सीमित नहीं, बल्कि इसमें एक चलता-फिरता छोटा सा घर नजर आ रहा है। इस कैब के ड्राइवर का नाम अब्दुल क़दीर है। जिसने अपनी कैब को कुछ इस तरह से सजाया कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा। इस कैब में खाने-पीने की चीजों से लेकर दवाइयों, वाई-फाई और यहां तक कि एक छोटा-सा डोनेशन बॉक्स भी है। ये सारी सुविधाएं अब्दुल ने अपने कैब में सफर करने वाले यात्रियों के लिए कर रखी है। अब्दुल की इस गजब की सोच ने लोगों को उनकी तारीफ करने पर मजबूर कर दिया।
Related Stories
कैब में घर जैसा फील
अब्दुल क़दीर की उबर कैब की कुछ तस्वीरों को सोशल साइट एक्स पर @shennoying नाम की यूजर ने शेयर किया। जिसमें देखा जा सकता है कि कैब में सफर करने वाले यात्रियों के लिए पानी, स्नैक्स, फर्स्ट-एड किट, और वाई-फाई जैसी सुविधाएं रखी हुई हैं, जो यात्रियों को उनके घर जैसा महसूस करवाती हैं। इतना ही नहीं, अब्दुल ने अपनी कैब में एक डोनेशन बॉक्स भी रखा है, जिसके जरिए वह गरीब बच्चों की पढ़ाई में मदद करते हैं। कैब में एक अखबार की कटिंग भी लगी हुई है। जो इस बात को गर्व से बता रही है कि अब्दुल को उबर के बेहतरीन ड्राइवरों में से एक के रूप में सम्मानित किया गया है।
सोशल मीडिया यूजर्स ने बांधे तारीफों के पुल
जैसे ही अब्दुल की इस अनोखी कैब की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आए, लोगों ने उनकी तारीफों के पुल बांध दिए। एक यूजर ने लिखा, "यह कैब नहीं, चलता-फिरता होटल है!" वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ये कैब है या मिनी होम। लोगों ने यात्रियों के प्रति उनके समर्पण की सराहना भी खूब की। अब्दुल का मानना है कि एक ड्राइवर के तौर पर उनका काम सिर्फ गाड़ी चलाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों को एक यादगार अनुभव देना भी है। वे कहते हैं, "मैं चाहता हूं कि मेरी कैब में बैठने वाला हर यात्री मुस्कुराते हुए उतरे।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
चैन की नींद सो रहा था शख्स, आंख खुलते ही घर के बाहर टहलते नजर आए शेर