हरियाणा के कैथल जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने के विवाद में एक व्यक्ति के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे न केवल बुरी तरह पीटा गया, बल्कि पंजाब के एक विधायक के बेटे ने वीडियो कॉल के जरिए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में चिचरवाली गांव के निवासी गुरचरण उर्फ काला ने बताया कि उसे मंगलवार को कैथल के खरकन गांव से कुछ अज्ञात लोगों ने बंदूक और लोहे की छड़ों के बल पर जबरन एक कार में बैठाकर अगवा कर लिया। अगवा करने के बाद हमलावरों ने गुरचरण के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई।
गुरचरण ने आरोप लगाया कि जब वह कार में बंधक था, तभी हमलावरों में से एक के पास वीडियो कॉल आया। यह कॉल पंजाब के शुतराणा से विधायक कुलवंत बाजीगर के बेटे ने किया था। पीड़ित के अनुसार, विधायक के बेटे ने वीडियो कॉल पर उसे धमकी दी। यह पूरी घटना पिछले साल गुरचरण द्वारा सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर उपजे विवाद से जुड़ी हुई बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
गुहला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कुलदीप बेनीवाल ने बुधवार को बताया कि गुरचरण उर्फ काला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी बेनीवाल ने पुष्टि की कि मामले में नामित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-