1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात, शख्स ने की पत्नी और 4 बच्चों की हत्या, खुद भी की सुसाइड की कोशिश; हुई थी लव मैरिज

गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात, शख्स ने की पत्नी और 4 बच्चों की हत्या, खुद भी की सुसाइड की कोशिश; हुई थी लव मैरिज

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 03, 2026 06:45 am IST,  Updated : May 03, 2026 07:17 am IST

गुरुग्राम में एक ही घर से पांच लोगों के शव बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक शख्स ने अपनी पत्नी और चार बच्चों की हत्या कर दी। उसने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की।

एक ही घर से बरामद हुए पांच शव।- India TV Hindi
एक ही घर से बरामद हुए पांच शव। Image Source : ANI

दिल्ली से सटे गुरुग्राम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और चार नाबालिग बच्चों की जहर देकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि उसके घर से पांच लोगों के शव (पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा) बरामद कर लिए गए हैं। वहीं घटनास्थल से एक टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता से प्रेम विवाह किया था और दोनों की शादी के सात साल हो गए थे। 

घर से बरामद हुए पांच शव

जानकारी के मुताबिक शनिवार को हरियाणा के वजीरपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और चार नाबालिग बच्चों को जहर देकर मार डाला। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। शनिवार देर रात महिला और उसके चार बच्चों (तीन बेटियां और एक बेटा) के शव उनके घर से बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सैलून चलाने का काम करता था। उसने पीड़िता से प्रेम विवाह किया था और उसकी शादी को सात साल हो गए थे।

जहर देकर की सभी की हत्या

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे वजीरपुर इलाके के एक घर के अंदर एक महिला और चार बच्चों समेत पांच शव मिले। पुलिस को सूचना दी गई और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। आगे की जांच जारी है। गुरुग्राम के एसीपी नवीन शर्मा ने कहा, "हमें वजीरपुर गांव में पांच शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बच्चों को जहर दिया और उसके बाद आत्महत्या का प्रयास किया।" एसीपी ने बताया कि घटनास्थल और फिंगरप्रिंट टीमों ने घर से सबूत जुटाए हैं और बच्चों के चेहरों पर सूजन सहित कई चोटें देखी गई हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें-

शराब में मिलाने के लिए पानी न देने पर शख्स ने 9 साल के बच्चे को मारी गोली, हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।