नारनौंद विधानसभा के कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को जान से मारने की धमकी दी गई है। विधायक ने इसे लेकर नारनौंद पुलिस थाने में शिकायत दी है। विधायक ने इसे लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट किया है। धमकी देने वाले का प्रोफाइल भी विधायक ने शेयर किया है। विधायक ने बताया कि धमकी देने वाले का नाम मोहित है और इसने दिग्विजय चौटाला के साथ अपनी प्रोफाइल फोटो लगाई हुई है।
विधायक ने मोहित का फोटो और कमेंट शेयर कर लिखा है कि "दिग्विजयवादी...ये भाई बोल रहा है, जस्सी गोली ये ना देखे कि विधायक है या आम आदमी। मतलब स्पष्ट संदेश, जो कोई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ बोलेगा, उसको गोली मार दी जाएगी। ये बात हम नहीं ये मोहित दुर्गा मांदकौल बोल रहा है। शायद अब दिग्विजय चौटाला ने सिखाया है कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद का जवाब गोली से देंगे। यही जेजेपी का चाल, चरित्र एवं चेहरा है।"

दिग्विजय चौटाला की पोस्ट पर विधायक ने किया था कमेंट
नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़ ने दिग्विजय चौटाला की पोस्ट पर बुधवार को कमेंट किया था। दिग्विजय चौटाला ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्टर शेयर किया था। यह पोस्टर युवा जोड़ो अभियान को लेकर था। इस पोस्ट पर विधायक ने कमेंट किया था कि "है ना कमाल की बात?? 4.5 साल जमकर माल जोड़ने वाले अब युवाओं को जोड़ेंगे? पिताजी बोलते हैं, हमारा जन्मजात संबद्ध है बीजेपी से और बेटे बोलते हैं इन्हें जमना पार करेंगे। बड़ा भाई बोलता है मनोहर लाल खट्टर अच्छे मुख्यमंत्री थे, छोटे युवराज बोलते हैं नायब सैनी बढ़िया हैं। हरियाणा वालों को पागल समझना बंद कीजिए युवराज।" इस पोस्ट के बाद विधायक को मोहित नाम के एक व्यक्ति ने धमकी दी। मोहित ने विधायक के कमेंट सेशन में जाकर लिखा कि जस्सी की गोली ये नहीं देखती कि विधायक है या आम आदमी, प्यार की भाषा में समझ जा क्यों नई उम्र में पंचतत्व में विलीन होना चाहता है।"
धमकी देने वाले का आपराधिक रिकॉर्ड
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि दिग्विजय चौटाला की पोस्ट पर कोई कमेंट किया था उसी को लेकर उनके एक समर्थक ने जान से मारने की धमकी दी है। उसने कहा कि जस्सी शांत बैठ जा छोटी सी उम्र में पंचतत्व में विलीन हो जाएगा। और गोली यह नहीं देखती कि आप आम आदमी हो या विधायक। ऐसी धमकी सुनकर बड़ी हैरानी हुई कि प्रदेश में पहले ही माहौल बड़ा खराब है। और अब जनता के प्रतिनिधियों को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आज प्रदेश में बड़े अलग तरह के हालात बने हुए हैं। तो मुझे लगा कि इसकी शिकायत पुलिस को दी जाए। जेजेपी का पदाधिकारी है। इनसो का जिला अध्यक्ष है।
पुलिस अधीक्षक को डीजीपी सहित नारनौंद थाने में भी इसकी शिकायत दी गई है। जिस युवक ने धमकी दी है उसका अपराधी की रिकॉर्ड है उसे पर हत्या सहित अनेक धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
(नारनौंद से प्रवीण कुमार की रिपोर्ट)