1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में वोटिंग से पहले AAP को तगड़ा झटका, नीलोखेड़ी के उम्मीदवार ने थामा कांग्रेस का दामन

हरियाणा में वोटिंग से पहले AAP को तगड़ा झटका, नीलोखेड़ी के उम्मीदवार ने थामा कांग्रेस का दामन

 Published : Oct 03, 2024 06:38 am IST,  Updated : Oct 03, 2024 07:00 am IST

हरियाणा के नीलोखेड़ी से आप उम्मीदवार ने वोटिंग से ठीक पहले कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी को हराने में मदद के लिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

नीलोखेड़ी के AAP उम्मीदवार ने थामा कांग्रेस का दामन- India TV Hindi
नीलोखेड़ी के AAP उम्मीदवार ने थामा कांग्रेस का दामन Image Source : X@INCHARYANA

चंडीगढ़: हरियाणा में शनिवार को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को कांग्रेस ने तगड़ा झटका दिया है। नीलोखेड़ी (सुरक्षित) सीट से आप उम्मीदवार अमर सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की मौजूदगी में अमर सिंह कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान बाजवा ने कहा कि कांग्रेस में अमर सिंह का स्वागत है। वह बिना शर्त पार्टी में शामिल हुए हैं।

कांग्रेस में शामिल होते ही बीजेपी पर बोला हमला

कांग्रेस में शामिल होने के बाद अमर सिंह ने कहा कि केवल कांग्रेस ही भाजपा सरकार को हरा सकती है।  प्रदेश में बीजेपी किसानों, महिलाओं, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय कर रही है। बीजेपी को हराने के लिए वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं। 

कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे अमर सिंह

बाजवा ने बताया कि अमर सिंह ने नीलोखेड़ी से कांग्रेस उम्मीदवार धर्मपाल गोंदर का समर्थन किया है और उनके लिए प्रचार भी कर रहे हैं। अमर सिंह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, नीलोखेड़ी में यह दिख रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनका प्राथमिक उद्देश्य कथित अन्यायों के कारण भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना है। सिंह ने बताया कि उनकी उम्मीदवारी जारी रखने से वोटों के बंटवारे से अनजाने में भाजपा को मदद मिलती। इसे रोकने के लिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। 

फरीदाबाद से भी आप को लग चुका है झटका

अमर सिंह से पहले फरीदाबाद सीट से आप उम्मीदवार प्रवेश मेहता ने 28 सितंबर को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। मेहता केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और वरिष्ठ नेता विपुल गोयल के साथ फरीदाबाद में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान भी किया था। बता दें कि आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है लेकिन हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ रही है।

हरियाणा में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे। प्रदेश में चुनाव प्रचार का दौर आज शाम पांच बजे थम जाएगा। आज अंतिम दिन सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। 

इनपुट- भाषा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।