1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा का कुख्यात बदमाश रवि लांबा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एनकाउंटर के दौरान पैर में लगी गोली

हरियाणा का कुख्यात बदमाश रवि लांबा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एनकाउंटर के दौरान पैर में लगी गोली

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 28, 2025 09:15 am IST,  Updated : Jun 28, 2025 09:29 am IST

सोनीपत के खरखोदा में दिल्ली और हरियाणा का कुख्यात बदमाश रवि लांबा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। रवि पर 45 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।

कुख्यात बदमाश रवि लांबा - India TV Hindi
कुख्यात बदमाश रवि लांबा Image Source : INDIA TV

सोनीपतः सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर 7 क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा और दिल्ली के कुख्यात बदमाश रवि लांबा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। सोनीपत के खरखोदा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में रवि लांबा के पैर में गोली लगी है। रवि लांबा बरोना गांव का रहने वाला है।

वह दिल्ली की राजेश बवाना गैंग से जुड़ा हुआ है। फिलहाल घायल रवि लांबा को इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया। इस मुठभेड़ में रवि लांबा के पैर में गोली लगी है, जिसका इलाज खानपुर पीजीआई में चल रहा है।

हरियाणा और दिल्ली का कुख्यात अपराधी है रवि लांबा

गांव बरोना निवासी रवि लांबा हरियाणा और दिल्ली का कुख्यात अपराधी है जो पिछले साल अपने ही गांव के बदमाश रवि मुनिया के भाई बृजेश की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में खरखौदा पुलिस कई अन्य आरोपियों को पकड़ चुकी है, लेकिन वारदात के बाद से पुलिस आरोपी रवि उर्फ लांबा की भी तलाश में थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। 

एक मामले में पेरोल पर आने के बाद रवि उर्फ लांबा फरार था और अपराध को अंजाम दे रहा था। रवि उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी और लूट जैसे करीब 12 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये जबकि दिल्ली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। 

पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप

सोनीपत पुलिस इसे गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही है। रवि लांबा का गांव के ही रवि उर्फ मुनिया के साथ लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। जिसका परिणाम यह निकला कि दोनों के ही परिवारों से अब तक कई लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। बीते वर्ष रवि उर्फ मुनिया के भाई ब्रजेश की गांव में ही गोलियां मारकर हत्या की गई थी, जिसमें भी रवि लांबा पर अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा था।

इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि रवि उर्फ लांबा के बरोणा गांव में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए टीम काम कर रही थी। खरखौदा के बाईपास के पास रवि बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया, रुकने का इशारा करने पर उसने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। इस पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। 

रिपोर्ट- सन्नी मलिक, सोनीपत 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।