1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बहन के नए घर के लिए टाइल लेने आया था कपिल, शोरूम के बाहर तेज रफ्तार कार ने उड़ा दिया; CCTV में कैद हुई मौत

बहन के नए घर के लिए टाइल लेने आया था कपिल, शोरूम के बाहर तेज रफ्तार कार ने उड़ा दिया; CCTV में कैद हुई मौत

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 30, 2026 08:50 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 08:51 pm IST

37 वर्षीय कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया। यह पूरी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सीसीटीवी में कैद हुआ...- India TV Hindi
सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार देर शाम रफ्तार का एक बेहद खौफनाक और जानलेवा कहर देखने को मिला है। नूंह रोड स्थित गांव छारोड़ा बस स्टैंड पर एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में टाइल खरीदने आए एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना में कई वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

10 फीट हवा में उछला युवक, 40 फीट दूर जाकर गिरा

जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रही एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर लगभग 40 फीट दूर जा गिरा। अनियंत्रित कार इसके बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

जीजा के साथ टाइल शोरूम आया था कपिल

हादसे में घायल कपिल (37) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में निर्माणाधीन मकान के लिए टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया।

परिवार में हैं पत्नी और 3 छोटे बच्चे

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पूरी घटना टाइल शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सीधे शोरूम में घुस जाती है।

CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा-

सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी।

हादसे की वजह क्या?

एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

वहीं, बता दें कि इससे एक दिन पहले ही हरियाणा के कैथल में चलती कार में वीडियो बनाकर एक शख्स ने सुसाइड कर लिया। वीडियो में उसने 2 महिलाओं और एक पुरुष को अपनी मौत को जिम्मेदार ठहराया

(रिपोर्ट- अनिल मोहनिया)

यह भी पढ़ें-

रफ्तार से आ रही कार ने स्कूल छात्राओं को मारी टक्कर, हादसे में दोनों हुईं घायल; Video Viral

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, छिन गई एक परिवार की खुशियां; CCTV में कैद हुआ हादसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।