1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 'प्रेमिका से मिलता था तो बेटा रोता था, इसीलिए मार दिया', 8 घंटे में पकड़ा गया 1 साल के मासूम का कातिल

'प्रेमिका से मिलता था तो बेटा रोता था, इसीलिए मार दिया', 8 घंटे में पकड़ा गया 1 साल के मासूम का कातिल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 25, 2026 10:48 pm IST,  Updated : Jan 25, 2026 10:48 pm IST

महिला के प्रेमी ने ही उसके बेटे को किडनैप किया था और उसकी हत्या कर शव पुल के नीचे फेंक दिया था। पुलिस ने आठ घंटे के अंदर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

murder Accused- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के पंचकूला में मां का इश्क बेटे के लिए जानलेवा बन गया। महिला के प्रेमी ने बेटे को किडनैप कर उसकी हत्या कर दी। मामला सेक्टर-12ए का है। यहां एक क्रेच से एक वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण और उसकी हत्या के मामले को पंचकूला पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक के नेतृत्व में कार्रवाई में आरोपी अजय राणा, निवासी पिंजौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सुखोमाजरी बाईपास के पास एक पुलिया के नीचे से मासूम का शव बरामद किया है, जिसे आरोपी ने प्लास्टिक के कट्टे में भरकर फेंक दिया था।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 24 जनवरी की सुबह डेराबस्सी निवासी लक्ष्मी नामक महिला ने अपने एक वर्षीय बेटे रियांस को सेक्टर-12ए स्थित एक क्रेच में छोड़ा था। कुछ ही देर बाद एक युवक खुद को बच्चे का पिता बताकर उसे वहां से ले गया। जब बच्चे की मां को इसकी सूचना मिली, तो उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सेक्टर-14 थाना में किडनैपिंग का मामला दर्ज होते ही क्राइम यूनिट्स सक्रिय हो गईं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी की पहचान अजय राणा के रूप में हुई, जो बच्चे की मां का प्रेमी था। 

मासूम के रोने से होती थी परेशानी

शुरु में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की तो इस दौरान आरोपी अजय राणा ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वह और लक्ष्मी इंस्टाग्राम के माध्यम से मिले थे। आरोपी के मुताबिक, जब भी वह लक्ष्मी से मिलता था, मासूम रियांस साथ होता था और उसके रोने से अजय को परेशानी होती थी। इसी चिढ़ और नफरत के चलते उसने बच्चे को रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात के दिन उसने क्रेच से बच्चे को उठाया और अपने ऑटो में ले जाकर सफाई करने वाले कपड़े से गला दबाकर मासूम की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर सुखोमाजरी बाईपास के पास रामपुर सियूडी गांव के पास पुलिया से नीचे फेंक दिया।

आरोपी को चार दिन की रिमांड

आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। मासूम के शव का पोस्टमार्टम पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में कराया जा रहा है।

(पंचकूला से उमंग श्योरन की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

सोनीपतः खरखोदा ब्लॉक में तैनात SCPO की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने BDPO पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

VIDEO: गुरुग्राम में दिनदहाड़े अपहरण, डंडा दिखाया; जमीन पर घसीटा और जबरन कार में बैठाकर किया किडनैप

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।