1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणाः स्टेज पर डांसर पायल चौधरी के साथ अश्लील हरकत और मारपीट, शर्मसार कर देने वाला वीडियो आया सामने

हरियाणाः स्टेज पर डांसर पायल चौधरी के साथ अश्लील हरकत और मारपीट, शर्मसार कर देने वाला वीडियो आया सामने

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 19, 2025 05:53 pm IST,  Updated : Nov 19, 2025 05:58 pm IST

हरियाणा के नूंह में दो महिला डांसरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स डांसर को गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा है। उसने थप्पड़ मारकर उसका हाथ हटा दिया और फिर उसने उसे मारा।

डांसर के साथ मारपीट - India TV Hindi
डांसर के साथ मारपीट Image Source : REPORTER

हरियाणा के नूंह जिले के तावडू खंड के गांव पचगांव में आयोजित एक स्टेज कार्यक्रम में दो महिला डांसरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्टेज पर अचानक चढ़े कुछ युवकों ने डांसरों पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि एक डांसर ने अश्लील हरकत और छेड़छाड़ का विरोध किया, जिसके बाद भीड़ ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक डांसर को चोट भी आई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एजाज पुत्र लल्लू ने अपनी शादी से एक दिन पहले मनोरंजन के लिए तीन मेवाती डांसरों को बुलाया था। रविवार रात मेवाती गानों पर कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान डांसर पायल चौधरी स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं कि तभी दूल्हे का चाचा स्टेज पर आया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।

डांसरों के साथ मारपीट करने लगे कई लोग

डांसर ने विरोध करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। उसी समय स्टेज पर दो महिला डांसर मौजूद थीं। भीड़ के सामने हुई इस घटना के तुरंत बाद दूल्हे के चाचा ने डांसर को जोरदार थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में कार्यक्रम में मौजूद कई लोग स्टेज पर चढ़ आए और डांसरों को घेरकर मारपीट करने लगे।

महिला डांसर्स ने बड़ी मुश्किल से बचाई जान

डांसर्स के साथ आए लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनके साथ भी ग्रामीणों ने हाथापाई की। बड़ी मुश्किल से तीनों महिला डांसर्स वहां से भागकर अपनी जान बचा सकीं। पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।

मेवाती महिला डांसर कर रहीं थी प्रोग्राम

मेवात क्षेत्र में शादियों में मेवाती महिला डांसरों को बुलाकर कार्यक्रम कराने का चलन बढ़ता जा रहा है। इन कार्यक्रमों में महिलाएं अक्सर अश्लील गानों पर डांस करती दिखाई देती हैं। समाजसेवियों द्वारा कई बार ऐसे आयोजनों का विरोध भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह के प्रोग्राम और डांसरों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ऐसे कार्यक्रमों में झगड़े और महिलाओं के साथ मारपीट के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं।

रिपोर्ट- सन्नी मलिक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।