यमुनानगर: जिले के जठलाना गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गांव में अकेले रह रहे 85 वर्षीय रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट इंजीनियर जगदीश बंसल की उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घरेलू सहायिका जब घर पहुंची तो बीच का गेट बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से घर के अंदर पहुंचने पर बुजुर्ग खून से लथपथ हालत में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।
घर में अकेले रहता था बुजुर्ग
प्रारंभिक जांच में सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को घर का सामान बिखरा मिला, जिससे लूटपाट के एंगल से भी जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक मृतक जगदीश बंसल हिमाचल बिजली विभाग से रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट इंजीनियर थे। उनकी पत्नी का करीब 9 वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनका बेटा परिवार सहित जीरकपुर में रहता है, लेकिन जगदीश बंसल अपने पैतृक गांव जठलाना में अकेले रहना पसंद करते थे। घर की देखभाल के लिए गांव की ही एक महिला घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी।
घरेलू सहायिका ने दी सूचना
उनकी घरेलू सहायिका रुखसाना के अनुसार, सुबह घर पहुंचने पर बाहर के गेट खुले थे, लेकिन अंदर का गेट बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से एक युवक को दीवार फांदकर अंदर भेजा गया, जिसने गेट खोला। अंदर जाकर देखा तो कमरा बंद था और स्थिति संदिग्ध लग रही थी। तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई।
लूट के इरादे से हत्या की आशंका
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला है, जबकि कुछ सामान गायब होने की भी जानकारी सामने आई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस हत्या और संभावित लूटपाट दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जठलाना गांव में दहशत और शोक का माहौल है। (इनपुट- कुलवंत चौधरी)
यह भी पढ़ें-