1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणाः 'बेरोजगार' के घर पुलिस की रेड में मिले 10 लाख से ज्यादा कैश, 60 हजार रुपये बंद हो चुके पुराने नोट भी बरामद

हरियाणाः 'बेरोजगार' के घर पुलिस की रेड में मिले 10 लाख से ज्यादा कैश, 60 हजार रुपये बंद हो चुके पुराने नोट भी बरामद

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 06, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 02:27 pm IST

यमुनानगर में 10 घरों में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के कुछ लोग ड्रग्स की सप्लाई करते हैं। छापेमारी में पुलिस को एक घर से 10 लाख रुपये कैश बरामद हुए।

छापेमारी करती पुलिस- India TV Hindi
छापेमारी करती पुलिस Image Source : REPORTER

यमुनानगरः हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन 2.0 ” के तहत यमुनानगर जिले के गांव सारन में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस संबंध में डीएसपी रजत गुलिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी साझा की।

सुभाष के घर से 10 लाख 37 हजार कैश बरामद

 डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सारन में एक व्यक्ति द्वारा नशे के कारोबार से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से टीम गठित की और आज अल सुबह गांव में रेड की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति के घर की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। डीएसपी ने बताया कि करीब दस घरों में छापेमारी की गई। रेड के दौरान सुभाष नामक व्यक्ति के घर से 10 लाख 37 हजार रुपये कैश बरामद किया गया। इसके अलावा बंद हो चुके 60 हजार रुपये पुराने नोट बरामद किया गया। रजत गुलिया ने बताया कि सुभाष कुछ नहीं करता। उसकी मां आंगनवाड़ी में है। भारी मात्रा में कैश बरामद होने से आरोपी पर गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होने की आशंका है। 

पुलिस कर रही मामले की जांच

डीएसपी ने बताया कि बरामद कैश को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। ऑपरेशन टू प्वाइंट ज़ीरो के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।”

डीएसपी ने कहा कि “ऑपरेशन टू प्वाइंट ज़ीरो” का उद्देश्य जिले में अपराध, नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाना है। इसी अभियान के तहत लगातार छापेमारी और विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट- कुलवंत चौधरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।