1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नफे सिंह राठी मर्डर केस की एसआईटी करेगी जांच, एसपी बोले- मामले की गहराई तक पहुंची पुलिस

नफे सिंह राठी मर्डर केस की एसआईटी करेगी जांच, एसपी बोले- मामले की गहराई तक पहुंची पुलिस

 Published : Feb 28, 2024 08:55 am IST,  Updated : Feb 28, 2024 09:11 am IST

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या की जांच के लिए हरियाणा पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। झज्जर पुलिस की सात टीमें भी पहले से ही मामले की जांच कर रही हैं।

नफे सिंह राठी मर्डर केस - India TV Hindi
नफे सिंह राठी मर्डर केस Image Source : FILE

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या की जांच के लिए हरियाणा पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। झज्जर पुलिस की सात टीमें भी पहले से ही मामले की जांच कर रही हैं। पहले दो डीएसपी की अगुवाई में पांच टीमें बनाई गई थी। बाद में टीमों की संख्या बढ़ाई गई। जिला पुलिस कप्तान अर्पित जैन ने बुधवार को कहा कि हमारी जांच टीमें मामले की गहराई तक पहुंच गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

सीबीआई भी करेगी जांच

सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से भी कराने का फैसला किया है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि इनेलो की राज्य इकाई के प्रमुख की हत्या की जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी। 

तीन और लोगों के खिलाफ केस दर्ज

वहीं, नफे सिंह राठी और एक इनेलो कार्यकर्ता की हत्या करने के मामले में तीन और लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसी के साथ, राठी हत्याकांड में अबतक कुल 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनेलो नेता के बेटे जितेंद्र राठी के बयान के आधार पर विजेंद्र राठी, संदीप राठी और पाले राम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। सोमवार को दर्ज की गई प्राथमिकी में पुलिस ने पूर्व भाजपा विधायक नरेश कौशिक, कर्मबीर राठी, रमेश राठी, सतीश राठी, गौरव राठी, राहुल और कमल को नामजद किया है।

रविवार को हुई थी हत्या

राठी और इनेलो के एक कार्यकर्ता की रविवार को दिल्ली के पास बहादुरगढ़ में अज्ञात हमलावरों ने उनके वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी करके हत्या की थी। पुलिस को दी गई शिकायत में नफे सिंह राठी के भतीजे राकेश ने बताया कि पांच अज्ञात हत्यारे उनकी कार का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान बराही रेलवे क्रॉसिंग के पास वे कार से बाहर आए और उनपर अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी। 

रिपोर्ट- सुनील कुमार सिंह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।