1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. राधिका यादव की खुद की नहीं थी टेनिस एकेडमी, पुलिस ने बताई झगड़े की मुख्य वजह, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

राधिका यादव की खुद की नहीं थी टेनिस एकेडमी, पुलिस ने बताई झगड़े की मुख्य वजह, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

 Published : Jul 12, 2025 03:48 pm IST,  Updated : Jul 12, 2025 04:08 pm IST

पुलिस ने पहले कहा था कि राधिका एक टेनिस अकादमी चलाती थी, जो दोनों के बीच विवाद का कारण बन गई थी क्योंकि दीपक को अक्सर अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताना मारा जाता था।

टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव- India TV Hindi
टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव Image Source : PTI

गुरुग्राम: टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव मर्डर केस में गुरुग्राम पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासा किया है। गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार को बताया कि राधिका यादव की अपनी अकादमी नहीं थी और वह अलग-अलग जगहों पर टेनिस कोर्ट बुक करके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देती थीं, जिस पर उनके पिता को आपत्ति थी। 

पहले टेनिस अकादमी चलाने का किया गया था दावा

इससे पहले पुलिस ने कहा था कि राधिका एक टेनिस अकादमी चलाती थी, जो दोनों के बीच विवाद का कारण बन गई थी क्योंकि दीपक को अक्सर अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताना मारा जाता था। राधिका का पिता दीपक आर्थिक रूप से संपन्न था और विभिन्न संपत्तियों से अच्छा खासा किराया मिल जाता था। इसलिए अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर नहीं था। हालांकि वह पिछले कुछ हफ़्तों से तानों के कारण उदास था।

बेटी-पिता के बीच झगड़े की ये थी वजह

एक जांच अधिकारी ने शनिवार को बताया कि राधिका की अपनी कोई अकादमी नहीं थी। वह अलग-अलग जगहों पर टेनिस कोर्ट बुक करके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देती थी। दीपक ने उसे कई बार प्रशिक्षण सत्र बंद करने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। यही पिता-पुत्री के बीच मुख्य झगड़ा था। पुलिस ने बताया कि दीपक ने अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है। आरोपी ने बार-बार कहा है कि वह नहीं चाहता था कि उसकी बेटी प्रशिक्षण के ज़रिए कमाई करे। 

एक करीबी रिश्तेदार के अनुसार, दीपक ने बचपन से ही राधिका के टेनिस करियर में उनका साथ दिया था। रिश्तेदार ने बताया कि दीपक अपनी बेटी द्वारा टेनिस के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने से परेशान थे और उन्होंने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया था, लेकिन बेटी ने पापा की बात नहीं मानी। 

पिता ने बेटी का किया था मर्डर

गुरुवार को गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक इलाके में स्थित अपने दोमंजिला घर में 25 वर्षीय राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव (49) ने कथित तौर पर नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी।  पुलिस को उसके सेक्टर 57 स्थित आवास से पांच गोलियां और एक ज़िंदा कारतूस मिला था। दीपक को शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।