1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: पार्टी छोड़ने के दो दिन बाद अजय सिंह यादव ने कहा, 'वह जन्मजात कांग्रेसी', वापस लिया अपना फैसला

हरियाणा: पार्टी छोड़ने के दो दिन बाद अजय सिंह यादव ने कहा, 'वह जन्मजात कांग्रेसी', वापस लिया अपना फैसला

 Published : Oct 20, 2024 07:25 am IST,  Updated : Oct 20, 2024 07:30 am IST

कांग्रेस पार्टी में अनदेखा किए जाने से नाराज होकर पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव ने दो दिन पहले इस्तीफा दे दिया था। वहीं अब उन्होंने कहा कि आखिरी सांस तक कांग्रेस में ही रहेंगे।

पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव- India TV Hindi
पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव Image Source : FILE PHOTO

कांग्रेस छोड़ने के दो दिन बाद हरियाणा के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव शनिवार को अपने फैसले से पीछे हट गए। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि वह जन्मजात कांग्रेसी हैं और आखिरी सांस तक कांग्रेसी बने रहेंगे। अजय सिंह यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि उनके बेटे एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने अतीत को भूलकर पार्टी के पक्ष में काम करने के लिए उन्हें समझाया है। 

गुरुवार को छोड़ दी थी कांग्रेस पार्टी

अजय सिंह यादव ने सोनिया गांधी के पार्टी अध्यक्ष पद से हटने के बाद अपने साथ खराब व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने कांग्रेस कमेटी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। 

38 साल तक कांग्रेस में सेवा की

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अजय सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने 38 साल तक कांग्रेस की सेवा की है और पार्टी को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का नेहरू-गांधी परिवार के साथ ‘70 साल से अधिक का जुड़ाव’ रहा है।

आखिरी सांस तक कांग्रेस में रहूंगा 

अजय सिंह यादव ने कहा, 'मैंने अपने नेता स्वर्गीय राजीव गांधी जी और सोनिया गांधी के साथ काम किया है। मेरे प्रति उनके स्नेह को मैं नहीं भूल सकता। मैं जन्म से कांग्रेसी हूं और अपनी आखिरी सांस तक कांग्रेसी ही रहूंगा।' 

सोनिया गांधी को मजबूत करने का लिया फैसला

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘मैं इस बात से परेशान था कि ओबीसी विभाग के लिए की गई मेरी कड़ी मेहनत को हाईकमान द्वारा सराहा नहीं जा रहा था। कुछ कठोर शब्दों ने मुझे यह कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर किया। लेकिन ठंडे दिमाग से सोचने के बाद मैंने कांग्रेस पार्टी, खासकर मेरी मार्गदर्शक और नेता सोनिया गांधी जी को मजबूत करने का फैसला किया है।’ 

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।