सोनीपत में छात्रा द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर जान देने का सनसनीखेज मामला आया सामने है। यहां गन्नौर और भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन के बीच 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने वंदे भारत ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। मृतका के पिता ने गांव के दो युवकों और एक पुजारी पर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद जीआरपी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल में भेज दिया।
एक आरोपी हुआ गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर तीन आरोपितों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिकायत में मृतक के पिता ने बताया कि उसकी बेटी 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पिछले कई दिनों से गांव का ही तुषार व कमल ने उसकी बेटी को अपने जाल में फंसा रखा था। उनकी बेटी ने इस बारे में उन्हें पहले भी शिकायत की थी। आरोप है कि 4 मार्च को तुषार व कमल उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ गांव के मंदिर में पुजारी मंजीत के पास ले गए।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
5 मार्च को पुजारी मंजीत ने उन्हें फोन पर बताया कि उनकी बेटी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। पिता ने शक जताया है कि तीनों आरोपितों ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है, जिसके चलते उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
जीआरपी ने बताई ये बात
जीआरपी थाना के उप निरीक्षक महाबीर तोमर ने बताया कि इस मामले में मृतक लड़की के पिता की शिकायत पर जीआरपी पुलिस चौकी ने आरोपित तुषार, कमल व मंजीत पर पॉक्सो एक्ट, अपहरण व आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर है, जिसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
(सोनीपत से सन्नी मलिक की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
हरियाणा सरकार ने दी किसानों को बड़ी राहत, 5 फसलों पर मिलेगा फायदा
गोरक्षकों ने ट्रक से मवेशी ले जा रहे 2 लोगों को नहर में फेंका, ड्राइवर तैरकर बाहर आया, हेल्पर की मौत