भिवानीः हरियाणा के भिवानी शहर में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक युवक ने एक विवाहिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना शहर के हनुमान गेट इलाके की कोयला वाली गली में सुबह करीब 9 बजे हुई। मृतका की पहचान हनुमान गेट निवासी 38 वर्षीय बबीता के रूप में हुई है। मृतिका बबीता दो 14 वर्षीय और 8 वर्षीय बच्चों की मां थी और एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं।
मौसेरे भाई की पत्नी को मार डाला
आरोपी युवक अमित मृतका बबीता के पति मोनू की मौसी का लड़का है, यानी रिश्ते में करीबी रिश्तेदार। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि अमित बबीता से एकतरफा प्यार करता था। वह बबीता पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था और बार-बार कहता था कि पति को छोड़कर उसके साथ चली आए। बबीता के लगातार इनकार करने पर आक्रोशित होकर अमित ने यह जघन्य अपराध कर डाला।
आरोपी गंभीर रूप से घायल
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अमित ने खुद को भी चाकू मारने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल अमित को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतिका के पति मोनू ने बताया कि अमित अक्सर उनकी पत्नी को धमकी देता था और कहता था, “इसे छोड़ दे, मैं इसे रखूंगा।” पुलिस मोनू का औपचारिक बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है और उसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
भिवानी पुलिस के जांच थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बबीता को मृत घोषित कर दिया। प्रेम प्रसंग के चलते यह वारदात प्रतीत हो रही है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर एकतरफा प्रेम की उस खतरनाक सनक को उजागर करती है, जो अस्वीकृति मिलने पर हिंसा में बदल जाती है। बबीता का परिवार पूरी तरह टूट चुका है और दो मासूम बच्चे मां के साये से वंचित हो गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
रिपोर्ट- सुनील कुमार