जयपुर: राजस्थान पुलिस ने राज्य सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन एवं पूरे जयपुर शहर में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर जयपुर शहर में कुल 111 वाहन जब्त किये और चार लोगों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि लॉकडाउन एवं राजधानी में निषेधाज्ञा प्रतिबंध का पालन कड़ाई से कराने के लिए लगभग 4,000 अधिकारियों/कर्मचारियों ने सोमवार सुबह से ही शहर की व्यवस्था संभाल रखी है।
Related Stories
उन्होंने बताया कि शहर में सार्वजनिक परिवहन के साधनों जैसे बस, मिनी बस, आटो टैक्सी एवं ई-रिक्शा आदि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए 90 जगहों पर पुलिस ने अस्थाई नाकाबंदी की गई तथा लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए पाये जाने पर जयपुर शहर में कुल 111 वाहनों को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि शहर मे पांच या पांच से अधिक लोगों को एक जगह पर एकत्रित होने के प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में कुल 8 लोगों को और निषेधाज्ञा के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की दुकानों से इतर दुकानें खोलने के सम्बन्ध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि राज्य में सोमवार की रात 8.15 बजे तक कोरोना वायरस से कुल 28 लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 26 भारतीय लोग और 2 विदेशी नागरिक हैं। कुल 28 में से 3 लोग ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इसके अलावा भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 468 हो गई है, जिनमें 35 ऐसे मामले भी शामिल हैं जो ठीक हो चुके हैं और 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से लिए गए हैं। वेबसाइट के मुताबिक, कुल एक्टिव मामलों की संख्या 424 है। इससे पहले सोमवार की दोपहर को कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 415 थी।