1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छुट्टी से 10 मिनट पहले स्कूल के सामने तेज रफ्तार लॉरी पलटने से भयानक हादसा, चपेट में आने से 1 की मौके पर ही मौत; CCTV में कैद हुई वारदात

छुट्टी से 10 मिनट पहले स्कूल के सामने तेज रफ्तार लॉरी पलटने से भयानक हादसा, चपेट में आने से 1 की मौके पर ही मौत; CCTV में कैद हुई वारदात

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 17, 2026 01:39 pm IST,  Updated : Sep 17, 2026 01:39 pm IST

चित्रदुर्ग में स्कूल के सामने तेज रफ्तार लॉरी पलटने से भीषण दुर्घटना हो गई है। इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इस घटना में 1 शख्स की मौके पर ही मौत हो गई।

chitradurga truck accident- India TV Hindi
चित्रदुर्ग में बेकाबू लॉरी पलटने से हादसा हो गया है। Image Source : REPORTERS INPUT

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में स्कूल के सामने सड़क पर एक ट्रक पलटने की वजह से भयानक हादसा हो गया है। यह दुर्घटना होसादुर्गा तालुक के हगलागेरे गांव में हुई है। इस दौरान, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। यह हादसा स्कूल के CCTV में कैद हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक्सीडेंट का वीडियो

जान लें कि बीते मंगलवार की शाम को हुई यह घटना अब वायरल हो गई है। तेज रफ्तार लॉरी सड़क किनारे खड़े लोगों पर पलट गई। इसकी वजह से हगलागेरे गांव के 28 वर्षीय रमेश की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य की हालत गंभीर है।

स्कूल में छुट्टी होने के 10 मिनट पहले हुई दुर्घटना

बताया जा रहा है कि यह घटना स्कूल की छुट्टी होने से 10 मिनट पहले हुई। अच्छी बात यह रही कि एक बड़ा हादसा टल गया। घायलों का इलाज होसादुर्गा सरकारी अस्पताल में चल रहा है। श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच-पड़ताल की है।

लॉरी की चपेट में आए सड़क किनारे खड़े लोग

इस घटना का जो सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, उसमें दिखाई दे रहा है कि बच्चे स्कूल परिसर में बने मैदान में खेल रहे थे और सामने की सड़क के किनारे कुछ लोग खड़े हुए थे। इसी बीच, एक तेज रफ्तार लॉरी आती है और सड़क किनारे खड़े लोग उसकी चपेट में आ जाते हैं। इससे मौके पर हड़कंप मच जाता है। हादसे की वजह से 1 शख्स की मौके पर ही जान चली जाती है।

गनीमत रही कि स्कूल की तरफ नहीं मुड़ी लॉरी

गनीमत रही कि बेकाबू लॉरी स्कूल के परिसर की दीवार की दिशा में नहीं घिसटा, अगर ऐसा होता तो स्कूल के मैदान में खेल रहे बच्चे उसकी चपेट में आ सकते थे। जैसे ही ये हादसा हुआ, लोग चीखने-चिल्लाने लगे। लॉरी की चपेट में आए लोगों बचाने की गुहार लगाने लगे।

मैसूरु-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर से हादसा

इससे पहले, हाल ही में कर्नाटक में मैसूरु-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया था। इस दुर्घटना में यात्रियों से भरी बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए थे। यह एक्सीडेंट रामनगर के पास चन्नापटना इलाके में हुआ था। यह बस कन्नूर से बेंगलुरु जा रही थी।

ये भी पढ़ें- ट्रक से टकराई वोल्वो बस, अनियंत्रित होकर दोनों वाहन पुल से गिरे नीचे, 40 यात्री घायल, 10 की हालत गंभीर-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत