1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नशे में धुत पिता ने मां को गाली दी, तो बेटे ने ले ली जान

नशे में धुत पिता ने मां को गाली दी, तो बेटे ने ले ली जान

 Written By: India TV News Desk
 Published : Mar 31, 2016 06:02 pm IST,  Updated : Mar 31, 2016 06:02 pm IST

पिता की ओर से नशे में धुत होकर मां को गाली देने पर बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी।

murder
- India TV Hindi
murder

नई दिल्ली: दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में हुई एक घटना से पूरी दिल्ली तब चौंक गई, जब 17 वर्षीय बच्चे ने अपने ही पिता की जान ले ली। पिता की ओर से नशे में धुत होकर मां को गाली देने पर बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। मां पिता के बीच चल रहे तीखे विवाद के बाद गुस्से में आकर बेटे ने इस घटना को अंजाम दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी बेटे को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़के से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि अपनी मां को बचाने के लिए उसने यह कदम उठाया। डीसीपी विक्रमजीत सिंह का कहना है कि लड़के को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद सुधार गृह में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर को उस वक्त हुई, जब लड़के का पिता शराब के नशे में धुत होकर घर वापस आया और उसने अपनी पत्नी से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। तुरंत लड़के ने हस्तक्षेप किया और अपने पिता के साथ तीखी बहस की, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसके बाद लड़का एक पत्थर लाया और अपनी मां के सामने ही अपने पिता को इससे मारना शुरू कर दिया। इसे देखते हुए मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद जल्द ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत लाया हुआ घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में लड़के ने पुलिस को बताया कि उसका पिता शराबी था और प्राय: उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने के अलावा उसे मारा-पीटा भी करता था। उसने बताया कि उसने अपनी मां को बचाने के लिए यह जघन्य कृत्य किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत