नई दिल्ली: चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। दुनियाभर के तमाम आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर के मुकाबित, विश्व में कोरोना वायरस के कुल 1,865,979 मामले हैं, जिनमें से 115,224 लोगों की मौत हो गई जबकि 433,915 लोग ठीक हो गए। मौजूदा वक्त में अमेरिका, स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और ईरान सबसे ज्यादा संक्रमित देशों की सूची में टॉप पर है। ऐसे में अमेरिका, स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली जैसे संपन्न देशों के साथ भारत की तुलना करें, तो फिलहाल भारत में स्थिति कंट्रोल में है।
दरअसल, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की ओर से रमन आर गंगाखेडकर ने सोमवार को कहा, "कल तक हमने COVID-19 के लिए 2,06,212 टेस्ट किए हैं।" इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 'देश में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 9152 है।' ऐसे में अगर कुल किए गए टेस्ट्स के मुकाबले कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों का प्रतिशत निकाला जाए तो यह सिर्फ 4.4 प्रतिशत आता है, जबकि अमेरिका, स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और ईरान में यह आंकड़ा बहुत ज्यादा है।
वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, अमेरिका में कुल 2,833,112 टेस्ट किए गए, जिनमें से 560,433 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में यहां कुल टेस्ट्स के मुकाबले 19.7 प्रतिशत लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, स्पेन में कुल टेस्ट्स के मुकाबले 28.2 प्रतिशत, फ्रांस में 39.7 प्रतिशत, जर्मनी में 9.7 प्रतिशत, इटली में 15.4 प्रतिशत और ईरान में 26.6 प्रतिशत लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि अमेरिका के बाद जर्मनी और फिर इटली ने सबसे ज्यादा टेस्ट किए हैं।
जर्मनी ने कुल 1,317,887 टेस्ट किए हैं, जिनमें से 127,854 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं इटली ने 1,010,193 टेस्ट किए हैं, जिनमें से 156,363 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनके अलावा स्पेन ने 600,000 टेस्ट किए, फ्रांस ने 333,807 टेस्ट किए और ईरान ने 275,427 टेस्ट किए हैं, इन देशों में क्रम: 169496, 132591 और 73303 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।