1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 4 आतंकवादियों का खात्मा, 11 AK-47 और 29 ग्रेनेड बरामद

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 4 आतंकवादियों का खात्मा, 11 AK-47 और 29 ग्रेनेड बरामद

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 19, 2020 08:39 am IST,  Updated : Nov 19, 2020 11:39 am IST

आतंकवादियों ने जैसे ही सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू की वैसे ही सुरक्षाबल मुश्तैद हो गए और आतंकवादियों की घेराबंदी कर ली गई।

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 4 आतंकवादियों का खात्मा- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 4 आतंकवादियों का खात्मा Image Source : PTI

जम्मू। सुरक्षाबलों ने गुरुवार सुबह जम्मू के पास नगरोटा टोल प्लाजा पर 4 आतंकवादियों को मार गिराया है। एनकाउंटर में पुलिसकर्मी घायल हुआ है। जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के पास बान टोल प्लाजा पर गुरुवार सुबह 4.20 बजे आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकवादियों को मार गिराया है। फिलहाल एहतियात के तौर पर राजमार्ग को बंद कर दिया गया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। 

आतंकवादियों ने जैसे ही सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू की वैसे ही सुरक्षाबल मुश्तैद हो गए और आतंकवादियों की घेराबंदी कर ली गई। कश्मीर को दहलाने का मंसूबा लिए आतंकवादी (Terrorist) एक ट्रक में छिपे हुए थे। यह ट्रक कश्मीर घाटी की तरफ जा रहा था। आतंकवादी जैसे ही बान टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा की तलाशी हो रही है, इसके बाद उन्होंने सुरक्षाबलों पर फायर खोल दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने नाकाबंदी की और आतंकवादियों का एनकाउंटर कर दिया।

सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि संदिग्ध ट्रक देखा गया है जिसमें आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है, सूचना के बाद से ही सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान छेड़ा हुआ था। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में यह कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों को आतंकवादियों से भारी मात्रा में हथियार मिले हैं। आतंकवादियों के पास से 11 एके 47 राइफल्स बरामद की गई है। इसके अलावा आतंकवादी के पास से 3 पिस्टल और 29 ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं। जम्मू के आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि जिस ट्रक में आतंकवादी आए थे उसका ड्राइवर फरार है। 

जम्मू के आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि ऐसा लगता है कि मारे गए आतंकवादी किसी बड़े मंसूबे को अंजाम देने के लिए घुसपैठ करके आए थे तथा जम्मू से कश्मीर घाटी की तरफ जा रहे थे, उन्होने बताया कि आतंकवादियों का खात्मा किया जा चुका है लेकिन ऑपरेशन अभी जारी है, पूरे एरिया को सैनेटाइज किया जा रहा है और जल्दी ही यातायात को खोल दिया जाएगा। आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि आतंकवादियों की अभी पहचान नहीं हुई है लेकिन ऐसा लगता है कि आतंकवादियों का नाता आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के साथ हो सकता है। 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत