1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड में मिले 47 नए Covid-19 मामले, कुल 70092 लोगों को लगाया गया कोरोना का टीका

उत्तराखंड में मिले 47 नए Covid-19 मामले, कुल 70092 लोगों को लगाया गया कोरोना का टीका

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 05, 2021 09:00 pm IST,  Updated : Feb 05, 2021 09:00 pm IST

उत्तराखंड में शुक्रवार को 47 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि होने के साथ ही महामारी से पीडितों की संख्या बढ़ कर 96431 हो गई है। दूसरी ओर 16 जनवरी से जारी टीकाकरण अभियान के तहत 7434 और लाभार्थियों को कोविड के टीके की पहली खुराक दी गयी।

47 more test positive for COVID-19 in Uttarakhand- India TV Hindi
उत्तराखंड में 47 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि होने के साथ ही महामारी से पीडितों की संख्या बढ़ कर 96431 हो गई है। Image Source : PTI

देहरादून: उत्तराखंड में शुक्रवार को 47 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि होने के साथ ही प्रदेश में महामारी से पीडितों की संख्या बढ़ कर 96431 हो गई है। दूसरी ओर 16 जनवरी से जारी टीकाकरण अभियान के तहत 7434 और लाभार्थियों को कोविड के टीके की पहली खुराक दी गयी जिसके साथ ही अब तक कुल 70092 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, ताजा मामलों में सर्वाधिक 21 देहरादून जिले में सामने आए हैं जबकि नैनीताल में नौ और उधमसिंह नगर में सात मरीज मिले। 

बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में शुक्रवार को तीन और कोविड मरीजों की मौत हो गयी जिससे अब तक महामारी से 1662 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में 97 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अब तक कुल 92469 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 945 है। कोविड 19 के 1355 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।

वहीं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लगभग 50 लाख लाभार्थियों को टीके लगाए जा चुके हैं जबकि देश में उपचाराधीन रोगियों की संख्या कम होकर 1.51 लाख पर आ गई है। भारत में उपचाराधीन रोगियों की संख्या अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या का महज 1.40 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा, ''भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर संक्रमितों की संख्या 7,828 है जो दूसरे देशों के मुकाबले बहुत कम है। रूस, जर्मनी, इटली, ब्राजील, फ्रांस, ब्रिटेन और अमेरिका में यह संख्या कहीं अधिक है।''

मंत्रालय के अनुसार 17 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में प्रति दस लाख की आबादी पर संक्रमितों की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम है। लक्षद्वीप में प्रति दस लाख की आबादी पर मरीजों की संख्या सबसे कम 1,722 है। मंत्रालय ने कहा कि पांच फरवरी तक देश में कुल 49,59,445 लाभार्थियों को टीके लगाए जा चुके हैं। 24 घंटे के दौरान 11,184 सत्रों में 5,09,893 लोगों को टीके लगाए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक टीकाकरण के कुल 95,801 सत्र आयोजित किये जा चुके हैं। आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में 61 प्रतिशत लाभार्थियों को टीके लगाए गए हैं। देश में जितने लोगों को टीके लगाए गए हैं, उनमें से 11.9 प्रतिशत (5,89,101) टीके उत्तर प्रदेश में लगाए गए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि देश में 24 घंटे के दौरान 15,853  लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,04,96,308 हो गई है। मंत्रालय ने कहा, ''कुल संक्रमितों और ठीक हो चुके लोगों की संख्या में अंतर बढ़कर 1,03,44,848 हो गया है।'' मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण से उबरने के 85.06 प्रतिशत मामले छह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से सामने आए हैं। केरल में एक दिन में सबसे अधिक 6,341 लोग संक्रमण से उबरे हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत