1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना टीके की 6.5% खुराकें हो रहीं बर्बाद, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा बेकदरी

भारत में कोरोना टीके की 6.5% खुराकें हो रहीं बर्बाद, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा बेकदरी

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 17, 2021 06:54 pm IST,  Updated : Mar 17, 2021 06:54 pm IST

भारत में कोविट-19 टीके की औसतन 6.5 फीसदी खुराक बर्बाद हो रही है जबकि तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में यह बर्बादी क्रमश: 17.6 प्रतिशत और 11.6 प्रतिशत है।

भारत में कोरोना टीके की 6.5% खुराकें हो रहीं बर्बाद, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा बेकदरी- India TV Hindi
भारत में कोरोना टीके की 6.5% खुराकें हो रहीं बर्बाद, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा बेकदरी Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारत में कोविट-19 टीके की औसतन 6.5 फीसदी खुराक बर्बाद हो रही है जबकि तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में यह बर्बादी क्रमश: 17.6 प्रतिशत और 11.6 प्रतिशत है। केंद्र सरकार ने उपरोक्त जानकारी देते हुए कोविड-19 टीके की खुराक का किफायती तरीके से इस्तेमाल का आह्वान किया है। 

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अब तक देश में टीके की 3.51 करोड़ खुराक दी गई है जिनमें से 1.38 करोड़ खुराक 45 से 60 साल की उम्र के बीच गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को दी गई है। 

उन्होंने बताया कि 15 मार्च को दुनिया में कोविड-19 की 83.4 लाख खुराक दी गई जिनमें से 36 प्रतिशत खुराक अकेले भारत में दी गई। भूषण ने बताया कि पांच राज्यों- तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक व जम्मू-कश्मीर में टीके की खुराक की बर्बादी राष्ट्रीय औसत 6.5 प्रतिशत से अधिक है। 

उन्होंने कहा, ‘‘राज्यों को संदेश दिया गया है कि कोविड-19 के टीके अमूल्य हैं। ये लोगों की सेहत की बेहतरी के लिए है और इसलिए किफायती तरीके से इसका इस्तेमाल किया जाना चाहिए, टीके की बर्बादी को बड़े पैमाने पर कम करने की जरूरत है।"

उन्होंने कहा, "टीके की बर्बादी कम होने का अभिप्राय: है कि आप और अधिक लोगों का टीकाकरण कर सकते हैं और इससे संक्रमण की कड़ी को तोड़ने की अधिक संभावना होगी जो बढ़ रही है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत