1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आठ वर्षीय छात्रा से बलात्कार, स्कूल का स्वीपर गिरफ्तार

आठ वर्षीय छात्रा से बलात्कार, स्कूल का स्वीपर गिरफ्तार

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 05, 2015 02:51 pm IST,  Updated : Dec 05, 2015 02:51 pm IST

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आठ साल की छात्रा से बलात्कार के मामले में पुलिस ने स्कूल के स्वीपर को गिरफ्तार कर लिया है।

Raped- India TV Hindi
Raped

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आठ साल की छात्रा से बलात्कार के मामले में पुलिस ने स्कूल के स्वीपर को गिरफ्तार कर लिया है। बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक शेख आरिफ हुसैन ने आज पीटीआई-भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के सिर्राभाठा गांव के प्राइमरी स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा से बलात्कार के मामले में पुलिस ने 35 वर्षीय स्वीपर दिनेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। हुसैन ने बताया कि घटना पिछले महीने की है तथा स्कूल प्रबंधन और परिजन ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की थी। पुलिस को जब ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिली तब मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि प्राइमरी स्कूल की छात्रा जब अपने घर के करीब खेल रही थी तब करीब में रहने वाला दिनेश उसे चाकलेट देने के बहाने स्कूल में ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना के दौरान स्कूल में दीपावली की छुट्टी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बालिका ने इसकी जानकारी अपनी दादी को दी और दादी ने परिजन को घटना के बारे में बताया था। लेकिन परिजन ने मामले को दबाने का प्रयास किया। दो दिनों पहले जब ठाकुर और बालिका के परिवार के मध्य विवाद हुआ तब यह मामला सामने आया। वहीं कल इस मामले को लेकर स्कूल में एक बैठक भी रखी गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना की जानकारी पुलिस को ग्रामीणों से मिल गई और जानकारी के बाद पुलिस दल गांव भेजा गया। बाद में परिजन की रिपोर्ट पर आरोपी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इस मामले में स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत