1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. #BharatKaAbhinandan: पाकिस्तान से वतन लौटे विंग कमांडर अभिनंदन, देशभर में जश्न का माहौल

#BharatKaAbhinandan: पाकिस्तान से वतन लौटे विंग कमांडर अभिनंदन, देशभर में जश्न का माहौल

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 01, 2019 11:41 pm IST,  Updated : Mar 02, 2019 06:45 am IST

पाकिस्तानी विमानों द्वारा भारतीय वायु सीमा के उल्लंघन के दौरान अदम्य वीरता का प्रदर्शन करने वाले विंग कमांडर अभिनंदन शुक्रवार रात को पाकिस्तान से स्वदेश वापस लौट आए। वाघा बॉर्डर पर रात 9 बजकर 10 मिनट पर उन्होंने भारत की सीमा में कदम रखा। रात 12 बजे के बाद वे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पहुंचे। मेडिकल चेकअप के लिए उन्हें आर्मी अस्पताल ले जाया गया।

After daylong wait, IAF hero Abhinandan returns home from Pakistan- India TV Hindi
After daylong wait, IAF hero Abhinandan returns home from Pakistan Image Source : PTI

वाघा : अटारी/ नयी दिल्ली: पाकिस्तानी विमानों द्वारा भारतीय वायु सीमा के उल्लंघन के दौरान अदम्य वीरता का प्रदर्शन करने वाले विंग कमांडर अभिनंदन शुक्रवार रात को पाकिस्तान से स्वदेश वापस लौट आए। उनकी वापसी से पहले के कुछ घंटे संशय से भरे रहे। इस कदम को आतंकवाद का पाकिस्तान से जारी समर्थन पर भारत के जवाब के बाद उत्पन्न तनाव की स्थिति को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है। वाघा बॉर्डर पर रात 9 बजकर 10 मिनट पर उन्होंने भारत की सीमा में कदम रखा जहां से वे दिल्ली के रवाना हुए। रात 12 बजे के बाद उन्हें भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के पालम एयरपोर्ट लाया गया जहां से उन्हें आर्मी अस्पताल ले जाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अभिनंदन की वापसी का स्वागत करते हुए ट्वीट में कहा, ‘‘विंग कमांडर अभिनंदन आपका घर में स्वागत है। राष्ट्र को आपके अदम्य साहस पर गर्व है। हमारे सशस्त्र बल देश के 130 करोड़ भारतीयों के लिये प्रेरणा का स्रोत हैं।’’ 

विंग कमांडर अभिनंदन की स्वदेश वापसी पर पूरे देश की निगाहें वाघा बॉर्डर पर दिन भर लगी रही। वायु सेना अधिकारी अभिनंदन वर्द्धमान के पाकिस्तान की हिरासत से मुक्त होकर लौटने के बीच भारी संख्या में मीडियाकर्मियों की नजर इस पर थी और पूरे देश के लोग टीवी सेट पर टकटकी लगाये हुए थे । अटारी बाघा सीमा के पास चेकपोस्ट पर सुबह से ही लोग तिरंगा लिये जमा थे। उनमें से अनेक अपना चेहरा तिरंगे के रंग से रंगे थे और विंग कमांडर अभिनंदन की सुरक्षित वापसी के समर्थन में नारे भी लगा रहे थे और जश्न का माहौल था। 

गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी सीमा में जैश ए मोहम्मद के ठिकानों को निशाना बनाया। उसके बाद पाकिस्तानी वायु सेना की ओर से भारत की वायु सीमा का उल्लंघन किया गया और इस दौरान हुए हवाई संघर्ष में पाकिस्तान का एक एफ..16 विमान गिरा दिया गया एवं भारत का मिग 21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस संघर्ष के परिणामस्वरूप विंग कमांडर अभिनंदन का पैराशूट सीमा पर बढ़ गया और उन्हें 27 फरवरी को पाकिस्तान ने पकड़ लिया गया था। 

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी संसद में कहा था कि वह शांति के संदेश के तौर पर भारतीय पायलट को रिहा कर रहे हैं। विंग कमांडर अभिनंदन रात 9 बजकर 10 मिनट पर पाकिस्तान की ओर वाघा चेकपोस्ट पर दिखे और उनके साथ पाकिस्तानी रेंजर, इस्लामाबाद में उच्चायोग में भारतीय एयर अताशे मौजूद थे। वे गहरे रंग का कोट और खाकी रंग की पैंट पहने हुए थे। 

गर्व से सिर ऊंचा किये विंग कमांडर अभिनंदन कैदी देश पाकिस्तान से गेट पार करके स्वदेश भारत लौटे। एयरवाइस मार्शल आर जी के कपूर ने कहा कि वायुसेना के पायलट अभिनंदन को अभी अभी हमें सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें वापस पाकर खुश हैं। उन्होंने कहा कि पायलट को विस्तृत चिकित्सा परीक्षण के लिये ले जाया जायेगा क्योंकि उन्हें काफी तनाव के क्षणों से गुजरना पड़ा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन को वाघा अटारी बार्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। 

तमिलनाडु में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को पायलट अभिनंदन पर गर्व है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत अनेक राजनीतिक दलों के नेताओं ने भारतीय वायु सेना के हीरो की घर वापसी का स्वागत किया। विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी के अंतिम कुछ घंटे संशय भरे रहे। पहले यह खबर आ रही थी कि उन्हें दोपहर बाद रिहा किया जायेगा लेकिन दिन ढलने और रात आने के साथ लोगों का इंतजार बढ़ता गया । रात ढलने के साथ लोग सांसें थाम कर पायलट अभिनंदन की एक झलक का इंतजार करते रहे। 

विंग कमांडर अभिनंदन को पाकिस्तान द्वारा पकड़े जाने का मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव का केंद्र बिन्दु बना हुआ था । दिनभर टीवी चैनलों में भारत पाक संबंधों पर अलग अलग तरीके से चर्चा चलती रही। पत्रकार इस घटनाक्रम के बारे में सूचना जुटाने में लगे रहे कि अभिनंदन को कब और कैसे भारत को सौंपा जायेगा। 

देशभर में अलग अलग स्थानों पर देशभक्ति का रंग सहज ही देखा जा सकता था। अहमदाबाद में गरबा के दृश्य देखे गए तो बेंगलूरू में लोग नृत्य करते मिले। पुरी में बालू की कलाकृतियां तैयार की जा रही थी, वहीं अलग अलग स्थानों पर यज्ञ भी आयोजित किये गए। इंतजार के क्षणों में एक समय अटारी के पास कारों का काफिला देखकर लोग काफी उत्साहित हो गये थे । उनके मन में यह उत्सुकता थी कि उनमें से एक कार में अभिनंदन है और क्या वे मीडिया को संबोधित करेंगे । लेकिन कोई वास्तविक उत्तर नहीं मिल रहा था । देर शाम तक यह पूरी तरह से साफ नहीं हो रहा था कि उन्हें किस प्रकार से सौंपा जायेगा। 

इस बीच भारत ने वाघा-अटारी सीमा पर बिटींग द रिट्रीट समारोह को आज स्थगित कर दिया क्योंकि अनुमानित 20 हजार लोग वहां एकत्र हो गए थे। अंधेरा बढने के साथ अटारी में लोगों की संख्या कम हुई लेकिन पत्रकार वहां डटे रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत