1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संसद के मॉनसून सत्र में गतिरोध के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार: असदुद्दीन ओवैसी

संसद के मॉनसून सत्र में गतिरोध के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार: असदुद्दीन ओवैसी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 01, 2021 10:11 pm IST,  Updated : Aug 01, 2021 10:18 pm IST

संसद के मॉनसून सत्र में लगातार सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने पर एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को इसके लिए नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि संसद के कामकाज नहीं करने के लिए वह पूरी तरह जिम्मेदार है।

Asaduddin Owaisi, AIMIM President- India TV Hindi
Asaduddin Owaisi, AIMIM President Image Source : PTI FILE PHOTO

हैदराबाद। संसद के मॉनसून सत्र के बार-बार स्थगित होने के साथ एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को मौजूदा गतिरोध के लिए नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार को दोषी ठहराया और आरोप लगाया कि संसद में कामकाज नहीं होने के लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।

हैदराबाद के सांसद ओवैसी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी दल पेगासस मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं और कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान लोगों की मौत, किसानों का आंदोलन जैसे मुद्दे उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार सुनने और जवाब देने के लिए तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। पेगासस पर चर्चा होने दीजिए। सरकार क्यों डर रही है? वे क्या छिपाना चाहते हैं?’’ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख ने कहा, ‘‘विपक्ष चाहता है कि संसद चले लेकिन आप (सरकार) इसे चलाना नहीं चाहते हैं। आप शोरगुल के बीच विधेयक पारित करवाना चाहते हैं। क्या यह लोकतंत्र है?’’

उन्होंने आरोप लगाए, ‘‘क्या संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार की नहीं है। विपक्ष अपनी बात रखेगा। आप सुनिए, इसे स्वीकार कीजिए अथवा नहीं। हमें बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। अगर संसद नहीं चल रही है तो इसके लिए पूरी तरह मोदी सरकार जिम्मेदार है।’’

बता दें कि, संसद का मॉनसून सत्र (Monsoon Session Of Parliament 2021) 19 जुलाई से शुरू होने के बाद कुछ विधेयकों को छोड़कर लोकसभा एवं राज्यसभा में कोई महत्वपूर्ण काम नहीं हुआ है। विपक्षी दल पेगासस और किसानों के मुद्दे को लेकर विरोध कर रहे हैं। संसद का सत्र 13 अगस्त तक चलना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत