Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा में राहुल गांधी की 'नो एंट्री', अनिल विज बोले- पंजाब से जुलूस के साथ दाखिल नहीं होने देंगे

हरियाणा में राहुल गांधी की 'नो एंट्री', अनिल विज बोले- पंजाब से जुलूस के साथ दाखिल नहीं होने देंगे

Written by: IndiaTV Hindi Desk Published : Oct 04, 2020 01:17 pm IST, Updated : Oct 04, 2020 01:17 pm IST

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि अगर राहुल गांधी पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में दाखिल होना चाहते हैं और हरियाणा का माहौल खराब करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाएगा।

हरियाणा में राहुल गांधी की 'नो एंट्री', अनिल विज बोले- पंजाब से जुलूस के साथ दाखिल नहीं होने देंगे- India TV Hindi
Image Source : FILE हरियाणा में राहुल गांधी की 'नो एंट्री', अनिल विज बोले- पंजाब से जुलूस के साथ दाखिल नहीं होने देंगे

चंडीगढ़: हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि अगर राहुल गांधी पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में दाखिल होना चाहते हैं और हरियाणा का माहौल खराब करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाएगा। अनिल विज ने कहा कि अगर राहुल गांधी खुद हरियाणा आना चाहते हैं तो हजार बार हरियाणा में आएं, कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन, पंजाब से जुलूस के साथ दाखिल नहीं होने देंगे।

दरअसल, शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूछा था कि क्या हरियाणा में जंगलराज है जो किसी को घुसने नहीं दिया जाएगा। इस पर ही पलटवार करते हुए हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने यह बयान दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा में सही मायनों में राज है। कोरोना काल चल रहा है और डिजास्टर एक्ट लागू है। सौ से ज्यादा लोग एकत्र नहीं हो सकते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोगा से कृषि कानून के विरोध में ट्रैक्टर रैली का नेतृत्व करते हुए राहुल गांधी हरियाणा में एंट्री ले सकते हैं। इससे पहले कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि राहुल गांधी तीन से पांच अक्टूबर तक ट्रैक्टर रैलियां करेंगे। लेकिन, अनिल विज का कहना है कि वह राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली को प्रदेश में घुसने की इजाजत नहीं देंगे।

बता दें कि कांग्रेस लगातार नए कृषि कानूनों को विरोध कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कृषि संबंधी कानूनों को लेकर हाल ही में कहा था कि इन ‘काले कानूनों’ के खिलाफ उनकी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि इन कानूनों के खिलाफ चल रहा आंदोलन सफल होगा और किसानों की जीत होगी।

बता दें कि कांग्रेस ने आज पंजाब के मोगा जिले से 'खेती बचाओ' अभियान शुरू किया है। यह तीन दिवसीय अभियान है, जिसका नेतृत्व पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। अभियान के दौरान राहुल गांधी खुद ट्रैक्टर चलाएंगे। इसके साथ ही वह गांवों में किसानों से भी मिलेंगे। माना जा रहा है कि ट्रैक्टर रैली में करीब तीन हजार किसान हिस्सा ले रहे हैं।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement