नई दिल्ली: देश में असहिष्णुता पर मचे बवाल को लेकर अनुपम खेर ने आज इंडिया गेट (जनपथ) से राष्ट्रपति भवन (राजपथ) तक मार्च करते हुए सरकार का समर्थन किया है। उनके साथ कई कलाकार, साहित्यकार, फिल्मकार 'मार्च फॉर इंडिया' में शामिल हैं। मार्च में मालिनी अवस्थी, मधुर भंडारकर, बिरजू महाराज, मधू किश्वर, अशोक पंडित, अनूप जलोटा शामिल हैं। मार्च फॉर इंडिया में शामिल लोग राष्ट्रपति से 1 बजे मिलेंगे। साथ ही शाम को पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
अनुपम खेर ने कहा कि, 'अवॉर्ड वापसी से खराब हो रही है देश की छवि और जबरदस्ती पैदा किया गया है असहिष्णुता का मुद्दा है'।
अनुपम खेर ने लोगों से अपील की कि जब भी जाएं पानी की बोतलें और कचरा उठाकर ले जाएं ताकि किसी को ये कहने का मौका नहीं मिले कि ये लोग मार्च करके तो चले गए लेकिन पीएम के स्वच्छ भारत अभियान का ध्यान नहीं रखा।
मार्च फॉर इंडिया में शामिल हुई गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि, 'अवॉर्ड लौटाने वाले साहित्यकारों ने ऐसा कुछ नहीं लिखा जिसका देश की दशा में कुछ योगदान हो।'
कांग्रेस के मार्च के सवाल पर खेर ने कहा कि ये कोई बॉक्स ऑफिस की फिल्म नहीं है, जिसके लिये बड़े-बड़े सुपरस्टार की जरूरत है। हमारी रैली में अगर 5 लोग भी होंगे तो वो देश के लिए आएंगे। कांग्रेस ने अपना जुलूस राजनैतिक प्वाइंट ऑफ व्यू से निकाला होगा, लेकिन हमारी रैली में लेखक जुड़ रहे हैं। संविधान की आजादी को सेलिब्रेट करेंगे। असिहष्णुता का जो नया शब्द ढूंढ़ा गया है, उसके खिलाफ ये जुलूस है।
अगली स्लाइड में देखें 'मार्च फॉर इंडिया' की तस्वीरें...