1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश में आतंकवादियों का तुष्टीकरण हो रहा: गडकरी

देश में आतंकवादियों का तुष्टीकरण हो रहा: गडकरी

 Written By: IANS
 Published : Dec 01, 2015 05:35 pm IST,  Updated : Dec 01, 2015 05:35 pm IST

कोलकाता: कोलकाता से पकड़े गए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के तीन संदिग्ध एजेंटों के तृणमूल कांग्रेस से संबंधों के आरोप के बीच केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन गडकरी ने बगैर

देश में आतंकवादियों...- India TV Hindi
देश में आतंकवादियों का तुष्टीकरण हो रहा: गडकरी

कोलकाता: कोलकाता से पकड़े गए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के तीन संदिग्ध एजेंटों के तृणमूल कांग्रेस से संबंधों के आरोप के बीच केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन गडकरी ने बगैर किसी का नाम लिए मंगलवार को कहा कि देश में आतंकवादियों का तुष्टीकरण हो रहा है। केंद्रीय सड़क, परिवहन, राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री ने यहां एक समारोह से अलग कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति का सवाल ही नहीं उठता और इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन, दुर्भाग्यवश देश में हालात ऐसे बन गए हैं कि वोट बैंक के लिए आतंकवादियों व आतंकवादी संगठनों का तुष्टीकरण हो रहा है।"

कोलकाता में आईएसआई के तीन संदिग्ध एजेंटों की गिरफ्तारी को लेकर गडकरी की टिप्पणी सामने आई है। तीनों लोगों में एक कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा का सदस्य है, जबकि दूसरा पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी से संबद्ध एक यूनियन का नेता है। तृणमूल सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल को आतंकवादियों का स्वर्ग बनाने के भाजपा के आरोप के एक दिन बाद गडकरी ने यह टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, "सागर परियोजना की दिशा में बंगाल सरकार का समर्थन बढ़िया है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसमें खासी दिलचस्पी दिखाई है। इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि हम जल्द ही साथ मिलकर परियोजना की शुरुआत करेंगे।"

पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ एक छद्म युद्ध छेड़ने का आरोप लगाते हुए गडकरी ने आतंकवादियों के खिलाफ मिलकर मुकाबला करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान जानता है कि युद्ध में वह भारत से जीत नहीं सकता, इसलिए वह छद्म युद्ध में लगा है और भारत के सांप्रदायिक सौहार्द्र को बिगाड़ रहा है।" गडकरी ने कहा, "यह बात भी सही नहीं है कि किसी खास धर्म या धारणा के व्यक्ति आतंकवाद में शामिल हैं। हम सबको मिलकर आतंकवाद से लड़ने की जरूरत है। मुस्लिम राष्ट्रों सहित पूरी दुनिया ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए सहमति जताई है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत