नई दिल्ली: बाबा रामदेव के पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क परिसर में खोज अभियान के दौरान पुलिस ने तलवार, डंडे, पत्थर से भरे बोरे, फरसे, हेलमेट, आदि बरामद किए और उन्हें जब्त कर लिया है। कुछ दिनों पहले फैक्ट्री परिसर के बाहर हिंसक झड़प में ट्रक मालिक की मौत हो गई थी।
अभियान में फैक्ट्री की छतों में पत्थर से भरे बोरे मिले हैं, ऐसे डंडे भी बरामद किए गए हैं जिनके आगे धारदार हथियार लगाए गए हैं, हेलमेट के साथ ही हाथ से पकड़ने वाले बचाव उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं।
सीओ सदर राजेश भट्ट ने बताया कि धारा 165 आईपीसी के तहत नोटिस जारी कर फैक्ट्री परिसर में शुक्रवार को सर्च अभियान चलाया गया था।
पतंजलि फूड पार्क प्रबंधन ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कंपनी को बदनाम करने का आरोप लगाया है। साथ ही कंपनी के उत्पादों में मिलावट करने का शक जताते हुए एक पत्र केंद्रीय गृह मंत्री को भेजा है।
शुक्रवार को तलाशी के दौरान कंपनी प्रबंधन की ओर से कंपनी के प्रतिनिधि को साथ रखने की अपील की गई थी। लेकिन, पुलिस ने एक तरफा कार्रवाई की है। पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से साफ है कि पुलिस पक्षपात पूर्ण कार्यवाई करके पतंजलि को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रही है। कंपनी प्रबंधन के लाइसेंसी हथियारों को अवैध बताकर बदनाम करने की कोशिशें की जा रही है।
हादसे के बाद बड़ी तादात में कर्मचारी सुबह फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर पहुंचे पर उन्हें वापस लौटा दिया गया।