नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यालय को एक गुमनाम ई-मेल मिला है जिसमें उनकी बेटी के अपहरण की धमकी दी गई है। सूत्रों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को 9 जनवरी को एक गुमनाम ई-मेल मिला जिसे दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक को भेज दिया गया है।
Related Stories
उत्तरी दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल की बेटी के साथ एक सुरक्षा अधिकारी तैनात कर दिया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने ई-मेल मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसे पुलिस की विशेष इकाई की साइबर शाखा को सौंप दिया गया है, जो इसका विश्लेषण और ई-मेल का आईपी एड्रेस पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सरकार के अधिकारी ने कहा, "दिल्ली सरकार ने धमकी भरे ई-मेल को तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेज दिया है।" अधिकारी ने कहा कि दिल्ली सरकार को अभी तक पुलिस की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, ई-मेल में अरविंद केजरीवाल को संबोधित करते हुए लिखा गया है कि अपनी बेटी को बचा सकते हो तो बचा लो। हम उसे अगवा कर लेंगे।