नई दिल्ली: अयोध्या भूमि विवाद मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का आज 12वां दिन है। सुनवाई के दौरान वकील अपनी-अपनी दलीलें जजों की बेंच के सामने रख रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली 5 सदस्यीय संविधान पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सितंबर, 2010 के अपने फैसले में अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद में 2.77 एकड़ की विवादित भूमि को ‘राम लला’, निर्मोही अखाड़ा और सुन्नी वक्फ बोर्ड के बीच बराबर-बराबर बांटने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट के इसी फैसले के खिलाफ दायर 14 अपीलों पर सुनवाई कर रही है। आइए, जानते हैं इस सुनवाई से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के बारे में:
अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 12वें दिन की सुनवाई चल रही है। निर्मोही अखाड़े की तरफ से सुशील जैन अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं।
निर्मोही अखाड़ा के वकील सुशील कुमार जैन ने कहा कि हम देवस्थान के मैनेजर यानी देखरेख करने वाले दावेदार हैं। पजेशन पर हमारा अधिकार है। हमसे जन्मस्थान का पजेशन ले लिया गया। यह हमारे अधिकार में दखल है।
अखाड़े ने कहा था कि जन्मभूमि के कर्ता-धर्ता के तौर पर हमारा दावा कभी भी देवता के खिलाफ नहीं है।
शुक्रवार की सुनवाई में निर्मोही अखाड़े ने कहा था कि उन्हें जमीन का पजेशन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखाड़े का दावा टाइटल पर नहीं बल्कि जन्मस्थान पर स्थित मंदिर की देखरेख और उस पर कब्जे का है।
संपादक की पसंद