1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस से लोकसभा सांसद की मृत्यु, चेन्नई के अस्पताल में थे भर्ती

कोरोना वायरस से लोकसभा सांसद की मृत्यु, चेन्नई के अस्पताल में थे भर्ती

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 16, 2020 07:08 pm IST,  Updated : Sep 16, 2020 07:52 pm IST

कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से लोकसभा सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद की मृत्यु हो गई है, वे चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती थे। बल्ली दुर्गा प्रसाद आंध्र प्रदेश के तिरुपति से YSR कांग्रेस के सांसद थे।

Balli Durga Prasad Rao passed away due to coronavirus- India TV Hindi
Balli Durga Prasad Rao passed away due to coronavirus Image Source : FILE

चेन्नई: कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से लोकसभा सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद की मृत्यु हो गई है, वे चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती थे। बल्ली दुर्गा प्रसाद आंध्र प्रदेश के तिरुपति से YSR कांग्रेस के सांसद थे। बल्ली दुर्गाप्रसाद राव का निधन 63 वर्ष की उम्र में हुआ है। वह पिछले 15 दिनों से चेन्नई के अपोलो अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। जिसके बाद उनकी आज तबियत ज्यादा बिगड़ गई जिसके बाद उनके निधन होने की सूचना मिली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बल्ली दुर्गा प्रसाद राव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद राव गरु के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने आंध्र प्रदेश की प्रगति में प्रभावी योगदान दिया। इस दुख की घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं।

इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री तथा चनेश राम राठिया का कोरोना वायरस संक्रमण के बाद निधन हो गया था। वह 78 वर्ष के थे। रायगढ़ जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एस एन केशरी ने सोमवार को बताया कि राठिया पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे तथा उनमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई थी। राठिया का निधन रविवार देर रात जिंदल अस्पताल में हुआ। अस्पताल में उन्हें शनिवार को भर्ती किया गया था। 

राठिया रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र से वर्ष 1977 से वर्ष 2003 तक लगातार छह बार विधायक रहे। इस दौरान वह अविभाजित मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह तथा छत्तीसगढ़ में अजीत जोगी की सरकार में मंत्री रहे। राठिया के परिवार में तीन पुत्री और दो पुत्र हैं। उनके बड़े बेटे लालजीत सिंह राठिया धरमजयगढ़ क्षेत्र से वर्तमान में विधायक हैं। 

रायगढ़ जिले के अधिकारियों ने बताया कि राठिया का अंतिम संस्कार कोरोना संक्रमण के नियमों के अनुसार आज सुबह उनके गृहग्राम बृंदावन में किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राठिया के निधन पर शोक प्रकट किया है। बघेल ने ट्वीट किया है, ‘‘मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के प्रखर आदिवासी नेता चनेश राम राठिया जी के निधन का समाचार दुखद है। धरमजयगढ़ के साथ-साथ समूचे प्रदेश में उन्हें एक सच्चे जनसेवक के रूप में सदैव याद किया जाएगा।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत