1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्य प्रदेश: जोधपुर कोर्ट से सजा मिलने के बाद हरकत में भोपाल प्रशासन, मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद हटवाये गए आसाराम नाम के बोर्ड

मध्य प्रदेश: जोधपुर कोर्ट से सजा मिलने के बाद हरकत में भोपाल प्रशासन, मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद हटवाये गए आसाराम नाम के बोर्ड

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 25, 2018 08:36 pm IST,  Updated : Apr 25, 2018 08:43 pm IST

आसाराम को आज उम्रकैद की सजा सुनाये जाने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासन द्वारा आसाराम के नामकरण वाले स्थानों के नाम में बदलाव करने का आश्वासन दिया था। इसके तुरंत बाद नगर निगम हरकत में आ गया।

भोपाल में लगा आसाराम...- India TV Hindi
भोपाल में लगा आसाराम बापू के नाम से बस स्टॉप।

भोपाल: जोधपुर की अदालत द्वारा एक नाबालिग के साथ बलात्कार के मामले में आसाराम को बुधवार को दोषी करार दिये जाने के बाद भोपाल नगर निगम ने शहर में दो स्थानों से आसाराम के नाम वाले बोर्ड हटा दिये। आसाराम को आज उम्रकैद की सजा सुनाये जाने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासन द्वारा आसाराम के नामकरण वाले स्थानों के नाम में बदलाव करने का आश्वासन दिया था। इसके तुरंत बाद नगर निगम हरकत में आ गया। भोपाल गैस पीडितों के हित में काम करने वाली महिला सामाजिक कार्यकर्ता रचना ढींगरा के ट्विटर पर जारी किये गये वीडियो का उत्तर देते हुए चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे देश में कानून, संविधान और जनभावना से ऊपर कुछ भी नहीं है। यह वह देश है जहां औरंगजेब रोड का नाम भी बदल दिया गया है। जल्द ही इस मामले पर भी उचित कार्यवाही करेंगे।’’ 

मुख्यमंत्री के इस ट्वीट के तुरंत बाद ही भोपाल के महापौर आलोक शर्मा स्वयं ही शहर के एयरपोर्ट रोड पर स्थित आसाराम बस स्टॉप पहुंच गये और वहां लगे नाम के बोर्ड हटवा दिये। शर्मा ने कहा, ‘‘शहर में आसाराम के नाम वाले सभी स्थानों के नाम में अब बदलाव किया जायेगा। मैंने आसाराम बस स्टॉप और चौराहे पर लगा बोर्ड हटवा दिया है। बस स्टॉप और चौराहे का नया नाम क्या हो, इसका निर्णय बाद में किया जायेगा।’’ ढींगरा ने वीडियो में कहा, ‘‘काफी इंतजार के बाद राजस्थान में एक अदालत द्वारा नाबालिग से बलात्कार के मामले में आसाराम को दोषी करार देकर सजा दी गयी है और शहर- भोपाल जहां मैं रहती हूं,वहां एक चौराहा और बस स्टॉप उसके नाम पर हैं।’’ 

ढींगरा ने कहा, ‘‘इसलिये महिला अधिकारों के समर्थन और संरक्षण का दावा करने वाले मुख्यमंत्री से मैं जानना चाहती हूं कि क्या वह आसाराम के नाम वाले चौराहे और बस स्टॉप का नाम बदलेंगे।’’ इसके बाद एक अन्य सामाजिक कार्यकर्ता अक्षय हुंका ने ढींगरा के ट्वीट से मुख्यमंत्री को टैग कर दिया और ढींगरा की बात पर उनका मत स्पष्ट करने की मांग की। इसके जवाब में मुख्यमंत्री चौहान ने इस मामले में कार्यवाही के लिये आश्वास्त किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत