1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में बाढ़ का कहर : 72 की मौत, 73 लाख लोग प्रभावित, नदियां उफान पर

बिहार में बाढ़ का कहर : 72 की मौत, 73 लाख लोग प्रभावित, नदियां उफान पर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 16, 2017 05:12 pm IST,  Updated : Aug 17, 2017 07:43 am IST

पड़ोसी देश नेपाल और बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के कारण अचानक आयी बाढ फ्लैश फ्लड से प्रदेश में अब तक 72 लोगों की मौत हो जाने के साथ बाढ़ से 14 जिलों की 73 लाख आबादी प्रभावित हुई है।

Bihar flood- India TV Hindi
Bihar flood Image Source : PTI

पटना: पड़ोसी देश नेपाल और बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के कारण अचानक आयी बाढ (फ्लैश फ्लड) से प्रदेश में अब तक 72  लोगों की मौत हो जाने के साथ बाढ़ से 14 जिलों की 73 लाख आबादी प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बाढग्रस्त दरभंगा प्रमण्डल के विभिन्न इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 

आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि बाढ प्रभावित प्रदेश के 14 जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णयिा, कटिहार, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढी, शिवहर, गोपालगंज, सुपौल एवं मधेपुरा में से सबसे अधिक 20 लोग अररिया में, सीतामढी में 11, पश्चिमी चंपारण में 9, किशनगंज में 8, मधुबनी एवं पूर्णयिा में 55, मधेपुरा एवं दरभंगा में 44, पूर्वी चंपारण में 3, शिवहर 2 और सुपौल में एक व्यक्ति की मौत हुई है। 

उन्होंने बताया कि बाढ के कारण इन 14 जिलों के 98 प्रखंड और 1070 पंचायत प्रभावित हुए हैं और कुल 73 लाख आबादी प्रभावित हुई है। राज्य सरकार के द्वारा बाढ़ में घिरे लोगों को सुरक्षित निकाले जाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। अब तक 2,48,140 लोगों को बाढ प्रभावित इलाके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है और 343 राहत शिविरों में 93149 लोग शरण लिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्ध स्तर पर राहत बचाव के लिए एनडीआरएफ की 22 टीम जिसमें 949 जवान एवं 100 नौका, एसडीआरएफ की 15 टीम जिसमें 421 जवान और 82 नौका, सेना की चार टुकड़ियों के कुल 300 जवान को 40 नौकाओं के साथ है। 

सेना की तीन अतिरिक्त टुकड़ियां जो कि कल रात पहुंची थी इन्हें सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चम्पारण एवं पूर्वी चम्पारण जिले में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार के उच्चाधिकारियों के दल द्वारा भी आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस दल में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव, ग्रामीण कार्य विभाग के प्रधान सचिव सहित पूर्णिया, अररिया, किशनगंज एवं कटिहार जिला के जिला पदाधिकारी एवं प्रभारी प्रधान सचिव शामिल हैं। इनके द्वारा हवाई सर्वेक्षण के आधार पर स्थिति का आकलन करके आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

 
वायुसेना के दो हेलिकॉप्टरों के माध्यम से पूर्णिया हवाई अड्डे से प्रभावित क्षेत्र में खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है। पश्चिम चम्पारण क्षेत्र के अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र में खाद्य सामग्री वितरित करने के लिए एक अतिरिक्त हेलिकॉप्टर का अधिग्रहण किया गया है। यह हेलिकॉप्टर आज से राहत कार्य शुरू करेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत